उपराज्यपाल ने कमिश्नरेट दिवस परेड की ली सलामी
नई दिल्ली, 01 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने दिल्ली पुलिस कमिश्नरेट दिवस के मौके पर परेड की सलामी ली। ये परेड किंग्सवे कैंप स्थित 'न्यू पुलिस लाइंस ग्राउंड' में हुई।
उन्होंने पुलिस बल से अपील की कि वे मानवीय, ईमानदार और टेक्नोलॉजी पर आधारित पुलिसिंग' के मूल सिद्धांतों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराएं।
उपराज्यपाल ने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि दिल्ली पुलिस बल की अटूट प्रतिबद्धता, अनुशासन और व्यावसायिकता एक सुरक्षित, संरक्षित और नागरिक-केंद्रित राष्ट्रीय राजधानी की आधारशिला बनी हुई है। उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस की सेवा और समर्पण हमारे लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं क्योंकि हम एक सुरक्षित दिल्ली की परिकल्पना की दिशा में मिलकर काम कर रहे हैं।
उपराज्यपाल ने इस खास दिन पर कमिश्नर और सभी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को दिल से बधाई देते हुए कहा कि आज कई पुलिस अधिकारियों को वीरता पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है। दिल्ली पुलिस भारत के सबसे अहम संस्थानों में से एक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विजन को पूरा करने में दिल्ली पुलिस अहम भूमिका निभाएगी। साथ ही इस बात पर भी जोर दिया कि पुलिस बल को नागरिकों पर केंद्रित होना चाहिए, जहां भी सुरक्षा और जनता के भरोसे की जरूरत हो, वहां दिल्ली पुलिस को अहम भूमिका निभानी चाहिए।
उपराज्यपाल ने कहा कि दिल्ली पुलिस पर मुश्किल और लगातार बदलते हालात में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की बड़ी जिम्मेदारी है। जैसे-जैसे पुलिसिंग की चुनौतियां बदल रही हैं, वैसे-वैसे नए तरीके अपनाने, हालात के अनुसार ढलने और लगातार सुधार करने की जरूरत बनी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव