एमसीडी में नेता सदन जय भगवान यादव ने शास्त्री नगर वार्ड का किया निरीक्षण
नई दिल्ली, 18 जून (हि.स.)। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में नेता सदन एवं स्थायी समिति सदस्य जय भगवान यादव ने गुरुवार को शास्त्री नगर वार्ड नंबर-70 का निरीक्षण किया। उन्होंने वार्ड में सड़कों को गढ्ढा मुक्त एवं अतिक्रमण मुक्त करने के निर्देश दिए ताकि यातायात का सुचारू आवागमन सुनिश्चित किया जा सके।
नेता सदन जय भगवान यादव ने कहा कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की स्वच्छ एवं हरित दिल्ली के सपने को साकार करने के लिए दिल्ली में अभियान चलाया जा रहा है। नगर निगम के सभी पार्षद इस अभियान में अपना योगदान दे रहे हैं और इस कड़ी में आज शास्त्री नगर वार्ड का निरीक्षण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि फण्ड की कमी से शौचालयों के निर्माण, पार्कों एवं सड़कों के रखरखाव संबंधी जो कार्य रुके हुए थे उनमें अब फंड की कोई कमी नहीं है।
जय भगवान यादव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दुकानों के बाहर कोई भी अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दुकानों का सामान दुकानों के अंदर होना चाहिए। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण की वजह से नाले अवरुद्ध होते हैं। जिससे जलभराव होता है। उन्होंने कहा कि निरीक्षण का उद्देश्य सड़क एवं नालों से अतिक्रमण हटाना है ताकि साफ सफाई में दिक्कत न आये।
नेता सदन ने कहा कि शास्त्री नगर मेट्रो स्टेशन के पास वाली गली में लगने वाली वैध तहबाजारी को शीट की सहायता से ढका जाए एवं इलाके से सभी अवैध तहबाजारी हटाई जाएं। उन्होंने वार्ड में लगे एफ सी टी एस का रंग रोगन करने के निर्देश दिए। यादव ने वार्ड में धूल नियंत्रण की दिशा में उपाय करने के निर्देश दिए और सड़कों के गड्ढे भरने के निर्देश दिए ताकि यातायात का सुचारू आवागमन सुनिश्चित किया जा सके। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सफाई सैनिकों से भी बातचीत की और उनसे सफाई से संबंधित उपकरणों की उपलब्धता के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।
जय भगवान यादव ने शास्त्री नगर में स्थित महिला एवं पुरुष शौचालय का सही रखरखाव करने के निर्देश दिए उन्होंने शौचालय में पानी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए और कहा कि शौचालय परिसर की ढंग से सफाई की जाए ताकि इसमें से दुर्गंध न आए। उन्होंने शास्त्री नगर ए- ब्लॉक में स्थित शास्त्री बुत पार्क का निरीक्षण किया और इसमें रखरखाव संबंधी कार्य कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दिल्ली की साफ एवं स्वच्छ रखने के लिए हमें नागरिकों के सहयोग की आवश्यकता है।
साथ ही नेता सदन ने स्थानीय पार्षद मनोज कुमार जिंदल द्वारा चलाई जा रही रसोई का भी निरीक्षण किया। इस रसोई में मात्र 5 रुपये में भरपेट भोजन कराया जाता है। इस जनहितैषी कार्य के लिए यादव ने पार्षद मनोज कुमार जिंदल की सराहना की और कहा कि यह सच्ची जन सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय पार्षद मनोज कुमार जिंदल, सिटी एस पी क्षेत्र की उपायुक्त कनिका एवं नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी