द्वारका में जिला स्तरीय कमेटी बैठक में कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा की हुई समीक्षा
नई दिल्ली, 13 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली के स्वास्थ्य एवं परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने सोमवार को द्वारका स्थित डीसीपी कार्यालय में आयोजित जिला स्तरीय कमेटी बैठक में सहभागिता की। बैठक के दौरान कानून-व्यवस्था, जनसुरक्षा, महिला सुरक्षा तथा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि बैठक में जनहित से जुड़े कार्यों को अधिक प्रभावी, त्वरित एवं सुचारु रूप से क्रियान्वित करने के लिए विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि बैठक में प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों के बीच निरंतर समन्वय के माध्यम से जनमानस की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने पर बल दिया गया है। विशेष रूप से महिला सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाने, नागरिकों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने तथा सुशासन एवं जनसेवा को प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर पश्चिमी दिल्ली से सांसद कमलजीत सहरावत, विधायक प्रद्युम्न सिंह राजपूत, कुलदीप सोलंकी, संदीप सहरावत, एमसीडी के डीसी, डीसीपी द्वारका सहित विभिन्न वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव