दिल्ली के चार आईटीआई में हाईटेक लैब की शुरुआत जल्द : रेखा गुप्ता
नई दिल्ली, 16 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानी के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में तकनीकी और व्यावसायिक शिक्षा को मजबूत करने के लिए व्यापक पहल की घोषणा की है। कौशल विकास के क्षेत्र की इस पहल के तहत राजधानी की चार आईटीआई में नई अत्याधुनिक लैब्स स्थापित की जाएंगी और मौजूदा लैब्स को आधुनिक बनाया जाएगा ताकि प्रशिक्षण पूरी तरह वर्तमान उद्योग मानकों और जरूरतों के अनुरूप हो सके। साथ ही रोजगार क्षमता और तकनीकी दक्षता में उल्लेखनीय वृद्धि हो सके।
मुख्यमंत्री ने गुरुवार को जारी की गई जानकारी में बताया है कि आईटीआई जहांगीरपुरी में पावर इलेक्ट्रॉनिक्स लैब स्थापित की जाएगी। यह लैब पावर इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिकल कंट्रोल सिस्टम, इंडस्ट्रियल ऑटोमेशन और रिन्यूएबल एनर्जी जैसे क्षेत्रों में उन्नत प्रशिक्षण प्रदान करेगी। लैब में पीएलसी किट, वीएफडी ट्रेनर, ट्रांसफॉर्मर ट्रेनर, मोटर कंट्रोल पैनल, रिले एवं प्रोटेक्शन सिस्टम, सोलर पीवी ट्रेनिंग किट और स्मार्ट एनर्जी मॉनिटरिंग सिस्टम जैसे आधुनिक उपकरण लगाए जाएंगे। इससे प्रशिक्षुओं को आधुनिक इलेक्ट्रिकल और पावर इलेक्ट्रॉनिक्स सिस्टम्स के संचालन, खराबी की पहचान और रखरखाव का व्यापक व्यावहारिक अनुभव मिलेगा। इस लैब से इलेक्ट्रीशियन, इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक, मैकेनिक ऑटो इलेक्ट्रिकल ऐंड इलेक्ट्रॉनिक्स (एमएईई), सोलर टेक्नीशियन, फिटर, मैकेनिक रेफ्रीजरेशन ऐंड एयर कंडीशनिंग (एमआरएसी) और मैकेनिक मोटर व्हीकल (एमएमवी) ट्रेड के प्रशिक्षुओं को लाभ मिलेगा। इन ट्रेड्स में कुल 480 स्टूडेंट्स को ट्रेनिंग दी जा सकेगी।
मुख्यमंत्री के अनुसार आईटीआई जेल रोड (हरिनगर) में वेल्डर लैब का व्यापक आधुनिकीकरण किया जाएगा। इस लैब में उन्नत वेल्डिंग मशीनें, सिमुलेशन आधारित प्रशिक्षण सुविधाएं और आधुनिक फैब्रिकेशन टूल्स स्थापित किए जाएंगे, जिससे प्रशिक्षुओं को आधुनिक औद्योगिक वेल्डिंग प्रक्रियाओं का व्यावहारिक अनुभव मिल सके। अपग्रेडेड लैब में आर्क वेल्डिंग (पारंपरिक विद्युत वेल्डिंग), एमआईजी/टीआईजी वेल्डिंग (गैस आधारित उच्च गुणवत्ता वेल्डिंग), गैस कटिंग, प्लाज्मा कटिंग, वेल्डिंग सिमुलेटर और मेटल फैब्रिकेशन वर्कस्टेशन जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। यह पहल न केवल स्किल डेवलपमेंट को मजबूत करेगी, बल्कि प्रशिक्षण को वर्तमान मैन्युफैक्चरिंग और फैब्रिकेशन उद्योग मानकों के अनुरूप बनाते हुए इस सुविधा को एक उन्नत वेल्डिंग प्रशिक्षण केंद्र में परिवर्तित करेगी। उन्होंने कहा कि इस लैब से वेल्डर, फिटर, टर्नर (धातु को मशीन द्वारा आकार देने वाला विशेषज्ञ), मैकेनिक मोटर वाहन और शीट मेटल वर्कर (शीट धातु कार्य विशेषज्ञ) ट्रेड के प्रशिक्षुओं को लाभ मिलेगा। इन ट्रेड्स में कुल 200 स्टूडेंट्स को ट्रेनिंग दी जा सकेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि आईटीआई अरब की सराय (निजामुद्दीन) में ऑटोमोटिव सेक्टर की लैब्स को आधुनिक तकनीकों के साथ अपग्रेड किया जाएगा। यहां उच्च स्तरीय वर्चुअल रियलिटी (वीआर) सिमुलेटर के माध्यम से ड्राइविंग, वेल्डिंग और पेंटिंग की ट्रेनिंग दी जाएगी। साथ ही एबीएस (एंटी-लॉक ब्रेकिंग सिस्टम), एयरबैग सिस्टम जैसी उन्नत वाहन तकनीकों पर विशेष प्रशिक्षण मॉड्यूल स्थापित किए जाएंगे। इससे प्रशिक्षुओं को आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक वाहन प्रणालियों की जांच और मरम्मत का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होगा। यह पहल संस्थान को एक अत्याधुनिक, स्टेट-ऑफ-द-आर्ट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में परिवर्तित करेगी। साथ ही पाठ्यक्रम को वर्तमान उद्योग मानकों के अनुरूप बनाएगी और प्रशिक्षुओं की समग्र रोजगार क्षमता को बढ़ाएगी। इस लैब से मैकेनिक ऑटो बॉडी पेंटिंग (एमएबीपी), मैकेनिक ऑटो बॉडी रिपेयर (एमएबीआर) ट्रेड के प्रशिक्षुओं को लाभ मिलेगा। इन ट्रेड्स में कुल 208 स्टूडेंट्स को ट्रेनिंग दी जा सकेगी।
इसके अलावा आईटीआई एचजेबी मयूर विहार में इलेक्ट्रिक व्हीकल (ईवी) लैब स्थापित की जाएगी, जो ग्रीन ट्रांसपोर्ट और भविष्य की ऑटोमोबाइल तकनीकों पर केंद्रित होगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस लैब में बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम (बीएमएस), इलेक्ट्रिक मोटर्स और ईवी चार्जिंग स्टेशन जैसी तकनीकी खराबियों की जांच प्रणाली और पावर इलेक्ट्रॉनिक्स का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे प्रशिक्षुओं को आधुनिक इलेक्ट्रिक वाहनों की असेंबली, परीक्षण, डायग्नोसिस और मरम्मत का व्यावहारिक अनुभव मिलेगा। इस लैब से इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक, मेकाट्रॉनिक्स टेक्नीशियन, मैकेनिकल इलेक्ट्रॉनिक और कंप्यूटर तकनीकों के संयुक्त विशेषज्ञ सहित ट्रेडों के 184 प्रशिक्षुओं को लाभ मिलेगा।
------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव