नजफगढ़ ड्रेन की सफाई के लिए दो नई वीड हार्वेस्टर मशीनों का जलावतरण

 




नई दिल्ली, 04 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली के जल मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने शनिवार को पंजाबी बाग में नजफगढ़ ड्रेन की सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से दो नई वीड हार्वेस्टर मशीनों का जलावतरण किया।

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि यह सिर्फ मशीनों का शुभारंभ नहीं है, बल्कि दिल्ली को जलभराव और गंदगी की समस्या से स्थायी समाधान देने की दिशा में एक मजबूत कदम है।

प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि हमारी सरकार ऐसी व्यवस्था खड़ी कर रही है जो वर्षों तक जनता को राहत देगी और आज का यह जलावतरण उसी सोच का प्रतीक है। जब नालों की सफाई समय पर और आधुनिक तकनीक से होगी, तो जलभराव कम होगा, बीमारियां कम होंगी और जनता को सीधी राहत मिलेगी।

इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के सांसद कमलजीत सहारावत, विधायक कैलाश गंगवाल, निगम पार्षद सुमन त्यागी, जिला अध्यक्ष चंद्रपाल बक्शी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

सांसद सहारावत ने कहा कि इन अत्याधुनिक मशीनों के उपयोग से ड्रेन की सफाई प्रक्रिया में तेजी आएगी, जलभराव की समस्या में कमी आएगी तथा क्षेत्र को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में महत्वपूर्ण सहयोग मिलेगा।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव