केजरीवाल राजनीतिक भविष्य के लिए सोशल नेटवर्किंग राजनीति पर लौटना चाह रहे हैंः हर्ष मल्होत्रा
नई दिल्ली, 04 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने आम आदमी पार्टी (आआपा) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वे कल ही बोले थे कि केजरीवाल विक्टिम कार्ड खेलने के लिए मंगलवार को प्रधानमंत्री आवास जाएंगे।
दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने आज एक बयान में कहा कि कल ही कहा था की अरविंद केजरीवाल को एथनॉल पैट्रोल मुद्दे पर केवल राजनीति करनी है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल को अच्छी तरह मालूम है की एथनॉल बलेंडिड पैट्रोल वक्त की जरूरत है और वह केवल खबरों पर बने रहने के लिए मंगलवार को प्रधान मंत्री आवास जाने का नाटक करेंगे।
हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि कल ही कहा था ठीक उसी तरह आज अरविंद केजरीवाल ने पुलिस द्वारा रोके जाने का दावा करके लगभग आधे घंटे का धरना नाटक अपने कार्यालय के बाहर किया फिर 5 एवं 7 गड्डी कागज पुलिस को सौंप कर कह दिया की हमने 2,33,238 पेटिशन सौंप दीं।
उन्होंने केजरीवाल पर कटाक्ष करते हुए कहा कि 2027 में पंजाब में निश्चित आआपा को हार नजर आ रही है, इसलिए अरविंद केजरीवाल अपने राजनीतिक भविष्य के लिए फिर से सोशल नेटवर्किंग राजनीति पर लौटना चाह रहे हैं और एथनॉल बलेंडिड पैट्रोल उसी की शुरुआत है।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि देश के वाहन चालक भलीभांति समझते हैं की एथनॉल पैट्रोल कल का मूल ईंधन है और वह अरविंद केजरीवाल से गुमराह नही होने वाले। उन्होंने कहा कि भाजपा के कई बार चुनौती के बाद भी केजरीवाल 100 ऐसी गाड़ी आज भी नही दिखा सके जिनके पास ई 20 पैट्रोल से खराब होने का ओटोमोबाइल इंजीनियर सर्टिफिकेट हो।
हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल एथनॉल बलेंडिड पेट्रोल पर राजनीति खेलना बंद करें अन्यथा वह अपना बचा कुचा राजनीतिक अस्तित्व भी खो बैठेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी