केजरीवाल ने पालम पीड़ित परिवार से की मुलाकात, प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग

 


नई दिल्ली, 19 मार्च (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आआपा) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को पालम अग्निकांड के पीड़ित परिवार से मुलाकात की। केजरीवाल ने सरकार से इस पूरे हादसे की निष्पक्ष जांच करने और जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

केजरीवाल ने परिवार से मुलाकात करते हुए कहा कि पालम का हादसा बेहद दर्दनाक है। उन्होंने कहा कि फायर ब्रिगेड समय पर नहीं पहुंची और उनकी हाइड्रोलिक लिफ्ट भी काम नहीं कर रही थी। अगर समय पर कार्रवाई होती, तो कई जिंदगियां बचाई जा सकती थीं।

उन्होंने बताया कि 18 मार्च को पालम में एक दर्दनाक हादसा हुआ और उसमें एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत हो गई। ये परिवार आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता राजेंद्र कश्यप का था।

केजरीवाल ने बताया कि इस समय यह हादसा हुआ राजेंद्र कश्यप उनके साथ गोवा में थे और ऑब्जर्वर का काम देख रहे थे। उन्होंने जैसे ही पता चला वो कल ही दिल्ली लौट आए थे।

इस दौरान उनके साथ दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी, आआपा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज, विधायक, पार्षद और पार्टी के अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहें।

उल्लेखनीय है कि पालम में 18 मार्च को एक इमारत में आग लग गई थी। वहां पर एक ही परिवार के 09 लोगों की मौत हो गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी