अयोध्या राम मंदिर दर्शन के लिए जाएंगे अरविंद केजरीवाल, एक्स पर दी जानकारी
नई दिल्ली, 22 जून (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आआपा) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आगामी शक्रवार को अयोध्या स्थित राम मंदिर में दर्शन करने जाएंगे। अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए कहा कि वह आगामी शुक्रवार को अयोध्या स्थित राम मंदिर में दर्शन करने जाएंगे।
केजरीवाल ने अपने पोस्ट में लिखा कि अयोध्या श्री राम मंदिर में चढ़ावा चोरी से हर सनातनी बेहद दुखी है। उन्होंने आगे कहा कि वह शुक्रवार को श्री राम मंदिर जाकर दर्शन करेंगे।
उल्लेखनीय है कि अयोध्या के राम मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए दान और चंदे में कथित हेराफेरी का मामला जून महीने के शुरुआती दिनों में तब सामने आया, जब श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के आंतरिक ऑडिट में भारी विसंगतियां मिलने के आरोप लगे। ऑडिट में गड़बड़ी मिलने के आरोप के बाद जब मंदिर परिसर और दानपात्रों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, तो वहां तैनात कर्मचारियों की भूमिका पूरी तरह संदिग्ध नजर आई। इसके तुरंत बाद मंदिर के दो संविदा कर्मियों को हिरासत में लेकर जब कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उनके पास से लाखों रुपये की नकदी बरामद हुई, जिसे उन्होंने पकड़े जाने के डर से परिसर के पास गोबर के ढेर में छिपाकर रखा था।
इस शुरुआती खुलासे के बाद ट्रस्ट की मांग पर उत्तर प्रदेश सरकार ने तुरंत संज्ञान लिया और मामले की तह तक जाने के लिए 13 जून को 3 सदस्यीय स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) का गठन किया। एसआईटी ने 16 जून को अयोध्या पहुंचकर अपनी सघन जांच शुरू की और अब तक करीब 140 पन्नों की विस्तृत अंतरिम रिपोर्ट तैयार कर मुख्यमंत्री कार्यालय को सौंप दी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी