केजरीवाल ने दिल्ली एसआईआर की आलोचना की, कहा 47 लाख वोटरों के नाम ड्राफ्ट लिस्ट से गायब

 


नई दिल्ली, 31 अगस्त (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आआपा ) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत दिल्ली की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट आने पर चुनाव आयोग पर निशाना साधा।

अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि दिल्ली एसआईआर के तहत जारी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में करीब 1.5 करोड़ मतदाताओं में से 47 लाख लोगों के नाम शामिल नहीं हैं।

केजरीवाल ने आरोप लगाया कि एसआईआर के जरिए बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाए जा रहे हैं। उन्होंने आयोग पर कटाक्ष करते हुए कहा कि केंद्र सरकार को जनसंख्या को लेकर चिंता करने की जरूरत नहीं। चुनाव आयोग देश की जनसंख्या कम कर देगा।

उल्लेखनीय है कि दिल्ली की ड्राफ्ट रोल सोमवार को प्रकाशित किया गया, जिसमें राष्ट्रीय राजधानी के 1.45 करोड़ मतदाताओं में से 47.7 लाख के नाम हटाए गए हैं। आयोग का कहना है कि लगभग 43 लाख मतदाताओं ने आयोग के समक्ष फार्म जमा नहीं कराए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी