ई 20 पर केंद्र के स्पष्टीकरण के बाद केजरीवाल का सरकार पर हमला, वैज्ञानिक अध्ययन सार्वजनिक करने की मांग

 


नई दिल्ली, 06 अगस्त (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आआपा) के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण (ई20) के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरते हुए कहा कि सरकार ने स्वयं स्वीकार किया है कि ई20 से आगे पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण बढ़ाने का अभी कोई निर्णय नहीं लिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार फिलहाल माहौल शांत होने का इंतजार कर रही है और बाद में इस दिशा में आगे बढ़ सकती है।

अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को भाजपा आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय की एक्स पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सरकार का यह कहना कि अभी कोई निर्णय नहीं लिया गया है, इस बात का संकेत है कि भविष्य में ऐसा फैसला लिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात की खुशी है कि सरकार ने फिलहाल कोई निर्णय न होने की बात स्वीकार की।

केजरीवाल ने आरोप लगाया कि जिस प्रकार ई20 को बिना पर्याप्त वैज्ञानिक अध्ययन और व्यापक सहमति के लागू किया गया, उसी प्रकार भविष्य में ई50 भी लागू किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार विज्ञान, इंजीनियरिंग और विशेषज्ञों की राय को महत्व नहीं देती तथा असहमति के स्वरों को दबाने का प्रयास करती है।

केजरीवाल ने केंद्र सरकार से सवाल किया कि यदि ई20 लागू करने से पहले कोई वैज्ञानिक अध्ययन या परीक्षण कराया गया था, तो उसकी रिपोर्ट सार्वजनिक क्यों नहीं की जा रही है। उन्होंने मांग की कि सरकार सभी अध्ययन और परीक्षण रिपोर्ट सार्वजनिक करे ताकि देश के सामने पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी