केजरीवाल ने कॉमनवेल्थ गेम्स के समापन पर सभी खिलाड़ियों को बधाई दी
नई दिल्ली, 03 अगस्त (हि.स.)। आम आदमी पार्टी (आआपा) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कॉमनवेल्थ गेम्स के समापन पर सभी खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं दी।
केजरीवाल ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि उन सभी खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं जिन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स में हिस्सा लिया और देश के लिए मेडल जीते। सभी खिलाड़ियों पर देशवासियों को बहुत गर्व है।
केजरीवाल ने उम्मीद जताते हुए कहा कि सभी की क्षमता को देखते हुए कहा जा सकता है कि भविष्य में भारत मेडल तालिका में सबसे ऊपर होगा। जमीनी स्तर पर सोच-समझकर किए गए निवेश और खिलाड़ियों को सही ढांचागत सहयोग अद्भुत परिणाम दे सकते हैं।
केजरीवाल ने कुश्ती और शूटिंग जैसे खेलों को सीडब्ल्यूजी की सूची से हटाए जाने पर निराशा जताते हुए कहा कि यह देखना बहुत निराशाजनक है कि जिनमें हम पारंपरिक रूप से उत्कृष्ट रहे हैं, उन्हें सीडब्ल्यूजी की सूची से हटा दिया गया है। उन्होंने कहा कि भारत को इन अनुचित निष्कासनों का पुरजोर विरोध करना चाहिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की चीजों का सामना न करना पड़े।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी