अधिवक्ताओं के साथ ‘मन की बात’ कार्यक्रम को मंत्री कपिल मिश्रा ने सुना

 




नई दिल्ली, 30 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा ने रविवार को सेंट्रल दिल्ली कोर्ट बार एसोसिएशन (रॉउस एवेन्यू कोर्ट) द्वारा ‘लॉयर्स फॉर डेमोक्रेसी’ के सहयोग से ‘डिस्कशन ऑन द रोल ऑफ एडवोकेट्स इन बिल्डिंग अ स्ट्रॉन्ग भारत परिचर्चा के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सामूहिक रूप से सुना। कार्यक्रम का आयोजन रॉउस एवेन्यू कोर्ट कॉम्प्लेक्स के यूटिलिटी ब्लॉक स्थित डॉ. अंबेडकर मल्टीपर्पज हॉल में किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने भाग लिया और मजबूत भारत के निर्माण में अधिवक्ताओं की भूमिका पर विचार-विमर्श किया।

मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि 2047 के विकसित भारत के निर्माण में वकीलों और कानूनविदों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि न्याय व्यवस्था को मजबूत करने के साथ अधिवक्ताओं को राष्ट्र निर्माण में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभानी होगी।

मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि देश में सकारात्मक बदलाव और विकास की दिशा में तेजी से कार्य हो रहा है। ऐसे में कानून के क्षेत्र से जुड़े पेशेवरों की जिम्मेदारी भी बढ़ जाती है। उन्होंने कानून एवं न्याय से जुड़े विषयों पर निरंतर संवाद और चर्चा की आवश्यकता पर जोर दिया।

मंत्री कपिल मिश्रा ने रॉउस एवेन्यू कोर्ट में बार की टीम के साथ ‘मन की बात’ कार्यक्रम सुना। मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हेड ऑफ द स्टेट के रूप में 25 वर्ष पूरे करने जा रहे हैं, जो अपने आप में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि इसे लेकर सभी लोगों में उत्साह है और आने वाले समय में सेवा और संकल्प के कार्य पूरे देश में सभी के द्वारा किए जाएंगे।

मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने नशा मुक्त युवा अभियान का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली और पूरे देश में यह अभियान चलाया जा रहा है।

मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में पीएम सेवानिधि योजना का जिक्र किया। इस योजना से लगभग 35 लाख बहनों ने अपने छोटे-से रोजगार को बड़ा रूप देने में सफलता पाई है। बेटियों और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने ऐसी कई योजनाएं शुरू की हैं, जो आज नारी शक्ति को नई उड़ान दे रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव