मंत्री कपिल मिश्रा ने सभापुर वार्ड के विकास कार्यों का किया निरीक्षण

 


नई दिल्ली, 30 मई (हि.स.)। दिल्ली के पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने शनिवार को सभापुर वार्ड क्षेत्र में चल रहे एवं प्रस्तावित विकास कार्यों को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गलियों के निर्माण, सीवर लाइन बिछाने, सर्विस रोड में विद्युत लाइनों को भूमिगत करने तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान पार्षद बृजेश सिंह एवं दिल्ली जल बोर्ड, सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग, एमसीडी तथा बीएसईएस के संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।

मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि सोनिया विहार में सीवर लाइन बिछाने का कार्य तेजी से चल रहा है, जो काफी हद तक पूरा हो चुका है। सभापुर क्षेत्र में भी लंबे समय से सीवर व्यवस्था की कमी के कारण लोगों को अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार ने इस समस्या के स्थायी समाधान का संकल्प लिया है और जून में सभापुर के हर कोने तक सीवर लाइन बिछाने के कार्य का शुभारंभ किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरी गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए। योजनाएं ऐसी बनें कि अधिक से अधिक लोगों तक लाभ पहुंचे।

जनसम्पर्क के दौरान कपिल मिश्रा ने लोगों से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर ऊर्जा संरक्षण का संकल्प लेने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि करावल नगर समेत पूरी दिल्ली में प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में केंद्र सरकार और दिल्ली सरकार की योजनाओं को हर वर्ग का खूब आशीर्वाद मिल रहा है। उन्होंने कहा कि करावल नगर विधानसभा को अब तक 300 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात मिल चुकी है और ये सिलसिला इसी रफ़्तार से जारी रहेगा।

मंत्री कपिल मिश्रा ने स्थानीय निवासियों से संवाद कर उनके सुझाव सुने और दिल्ली सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों के समय ओ-ज़ोन के नाम पर भ्रम फैलाया गया। जो क्षेत्र इनमें नहीं आते थे वहां भी विकास कार्यों को वर्षों तक लटकाया गया, जिससे क्षेत्र का समुचित विकास बाधित रहा। उन्होंने कहा कि लटकाने, भटकाने और अटकाने वाले जा चुके हैं उन्हें जनता ने नकार दिया है और अब सिर्फ जनहित में जनसहयोग से विकास होता है। वर्तमान सरकार का विकास कार्यों में आने वाली बाधाओं को दूर करने पर ही पूरा जोर है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव