कपिल मिश्रा ने एस्केप ड्रेन वन, बिहारीपुर, बंड और गोकलपुर ड्रेन का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए निर्देश

 


नई दिल्ली, 09 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा ने बुधवार को उत्तर-पूर्वी दिल्ली के एस्केप ड्रेन वन, बिहारीपुर ड्रेन, बंड ड्रेन और गोकलपुर ड्रेन निरीक्षण कर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने सोनिया विहार पुश्ता से जुड़े विकास कार्यों का निरीक्षण भी किया।

कपिल मिश्रा ने जलभराव से निपटने के लिए ड्रेन की सफाई व पम्पिंग व्यवस्था को और मजबूत करने और इन कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए और कहा कि पानी के ओवर फ्लो होकर रिहायशी क्षेत्रों में घुसने के स्थायी समाधान की ओर बढ़ना है। इस दौरान उन्होंने सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण, पीडब्ल्यूडी, एमसीडी एवं दिल्ली जल बोर्ड अधिकारियों को समन्वय बनाकर स्वच्छता एवं विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

कपिल मिश्रा ने पीडब्ल्यूडी को गीतांजलि स्कूल वजीराबाद रोड से गोकलपुर मेट्रो स्टेशन तक स्टॉर्म वाटर ड्रेन का प्रस्ताव तैयार कर जल्द काम शुरू करने के निर्देश दिए। कैबिनेट मंत्री ने एस्केप ड्रेन वन में बाउंड्री वाल निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और इसे जल्द पूरा करने के साथ ही लोगों को जागरूक करने की अपील भी की ताकि लोग ड्रेन में कचरा न फेंकें।

कपिल मिश्रा ने एमसीडी को गोकलपुर ड्रेन की डिसिल्टिंग जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही दिल्ली जल बोर्ड को भागीरथी वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से निकलने वाले वेस्ट वाटर को ड्रेन में न डालने और इसकी वैकल्पिक व्यवस्था तैयार करने के निर्देश दिए। कैबिनेट मंत्री ने सोनिया विहार पुश्ता के सर्विस रोड निर्माण एवं फुटपाथ निर्माण को लेकर भी निर्देश दिए। उन्होंने खजूरी खास फ्लाई ओवर के नीचे पीडब्ल्यूडी को सौंदर्यीकरण के भी निर्देश दिये।

कपिल मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ड्रेनों की सफाई और पम्पिंग व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने ड्रेनों की क्षमता, पम्पिंग व्यवस्था, जल प्रवाह और निकासी बिंदुओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम जनता को जलभराव, गंदगी और खराब जल निकासी के कारण किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि जलभराव की समस्या को रोकने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें और संवेदनशील स्थानों पर आवश्यक तैयारियां पहले से सुनिश्चित की जाएं। खजूरी खास और सोनिया विहार क्षेत्र में जल निकासी और जलभराव की समस्या में स्थायी समाधान की ओर काम किया जाए।

मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर से 'सेवा पखवाड़ा' आयोजित किया जा रहा है। इस वर्ष प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर एक महीने तक चलने वाले 'सेवा संकल्प अभियान' का भी आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर जनसेवा, स्वच्छता कार्यों और नागरिक सुविधाओं को लेकर अभियान चलाया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था, सड़क एवं अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा की गई। मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनहित से जुड़े कार्यों में गुणवत्ता, समयबद्धता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी