जेएनयू ने छात्रों को जंतर-मंतर प्रदर्शन से दूर रहने की दी सलाह
नई दिल्ली, 24 जुलाई (हि.स.)। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) ने छात्रों के लिए एडवाइजरी जारी कर जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शनों में भाग लेने अथवा वहां जाने से बचने की सलाह दी है। विश्वविद्यालय ने छात्रों से व्यक्तिगत सुरक्षा को प्राथमिकता देने, कानून का पालन करने और सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग की अपील की है।
जेएनयू की ओर से शुक्रवार को जारी निर्देश में कहा गया है कि भारत के उच्चतम न्यायालय के सार्वजनिक प्रदर्शनों संबंधी निर्देशों के अनुरूप सभी हितधारक जिम्मेदारी से व्यवहार करें और जंतर-मंतर या उसके आसपास होने वाले प्रदर्शनों में शामिल होने अथवा वहां जाने से परहेज करें। विश्वविद्यालय ने कहा कि सोशल मीडिया के दुरुपयोग या नियमों के उल्लंघन की स्थिति में लागू कानूनों के तहत कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ विश्वविद्यालय की आचार संहिता के अनुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की जा सकती है।
एडवाइजरी में छात्रों से अकादमिक जिम्मेदारी, जिम्मेदार नागरिकता और अपनी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की गई है।
उल्लेखनीय है कि एक दिन पहले दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) ने भी अपने छात्रों और शिक्षकों के लिए इसी प्रकार की एडवाइजरी जारी की थी। डीयू ने जंतर-मंतर पर किसी भी अवैध सभा या प्रदर्शन से दूर रहने की सलाह देते हुए कहा था कि ऐसे आयोजनों में शामिल होने से कानूनी कार्रवाई, व्यक्तिगत सुरक्षा पर खतरा तथा शैक्षणिक एवं पेशेवर जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। साथ ही विश्वविद्यालय ने फर्जी और भ्रामक सूचनाओं से सतर्क रहने की भी अपील की थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी