जागृति मिश्रा मामले में जूनियर इंजीनियर विकास कुमार गुप्ता निलंबित

 

नई दिल्ली, 26 अक्टूबर (हि.स.)। पशु कल्याण कार्यकर्ता जागृति मिश्रा से जुड़े मामले में दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बाहरी उत्तरी क्षेत्र में तैनात कनिष्ठ अभियंता (भवन) विकास कुमार गुप्ता को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस संबंध में बाहरी उत्तरी क्षेत्र के उपायुक्त कार्यालय की ओर से सोमवार को आदेश जारी किया गया। साथ ही संबंधित अधिकारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

नगर निगम के आदेश के अनुसार कनिष्ठ अभियंता (भवन) विकास कुमार गुप्ता, बीएमआईडी संख्या 40033050, को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। आदेश में कहा गया है कि संबंधित अधिकारी के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही प्रस्तावित है।

निलंबन अवधि के दौरान अधिकारी को नियमानुसार निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। इसके अलावा, उन्हें बिना सक्षम अनुमति के मुख्यालय छोड़ने की अनुमति नहीं होगी। आदेश के मुताबिक, निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय अधीक्षण अभियंता, बाहरी उत्तरी क्षेत्र के कार्यालय में निर्धारित किया गया है।

नगर निगम ने जारी आदेश में कहा कि सार्वजनिक पदों पर कार्यरत अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे नागरिकों की सेवा संवेदनशीलता और ईमानदारी के साथ करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी