एमसीडी नेता सदन जय भगवान यादव ने नजफगढ़ जोन के नंगली डेयरी का किया निरीक्षण

 


नई दिल्ली, 16 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली नगर निगम में सदन के नेता जय भगवान यादव ने दिल्ली को कूड़े से आजादी अभियान के तहत बुधवार को नजफगढ़ ज़ोन के नंगली डेयरी (वार्ड संख्या 124 ) में स्वच्छता का निरीक्षण किया और क्षेत्र में नागरिक समस्याओं का जायजा लिया। इस क्रम में उन्होंने डेयरियों, गलियों एवं सड़कों के आसपास अतिक्रमण तथा निगम प्राथमिक विद्यालय का भी गहन निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान स्थानीय निवासियों ने नंगली डेयरी की गलियों में गंदगी और सड़कों की खराब स्थिति के बारे में यादव को बताया। लोगों ने मृत पशुओं को तत्काल उठाने की समस्या से भी उन्हें अवगत कराया। मामले की गंभीरता पर संज्ञान लेते हुए जय भगवान यादव ने अधिकारियों को मृत पशुओं को तत्काल उठाने, इलाके की टूटी हुई कच्ची नालियों को पक्का करने और सड़कों की मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

यादव ने अधिकारियों को सड़कों के आसपास किए गए अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई करने और अन्य सरकारी एजेंसियों के साथ मिलकर इसकी निगरानी करने के भी निर्देश दिए।

नेता सदन यादव ने अधिकारियों को नंगली डेयरी क्षेत्र में गोबर का समय पर निपटान और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए मशीनरी और आवश्यक मानव संसाधन तैनात करने का उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिया।

नेता सदन ने नंगली डेयरी स्थित निगम प्राथमिक विद्यालय का भी निरीक्षण किया और बच्चों के लिए पेयजल एवं शौचालय की व्यवस्था को और दुरुस्त करने के लिए कहा ।

इस अवसर पर उनके साथ नजफगढ़ जोन के अध्यक्ष जयवीर सिंह राणा, उपाध्यक्ष सुषमा राठी, वार्ड 124 से पार्षद सविता, नजफगढ़ ज़ोन के उपायुक्त शशि प्रताप सिंह एवं सहायक आयुक्त सहित ज़ोन के विभिन्न विभागों के प्रमुख उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी