स्वस्थ भारत के संकल्प को जन औषधि परियोजना दे रही सार्थक रूप : रेखा गुप्ता

 




नई दिल्ली, 07 मार्च (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि मोदी सरकार के 'स्वस्थ भारत' के संकल्प को आज जन औषधि परियोजना धरातल पर सार्थक रूप दे रही है। केंद्र सरकार का यह दूरदर्शी प्रयास सुनिश्चित करता है कि देश का कोई भी नागरिक, विशेषकर मध्यम वर्ग और गरीब परिवार, आर्थिक अभाव के कारण आवश्यक उपचार से वंचित न रहे। स्वास्थ्य सेवाओं को सर्वसुलभ और किफायती बनाना ही योजना का मूल ध्येय है।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर आज जन औषधि दिवस के मौके पर एक पोस्ट में कहा कि दिल्ली में संचालित 620 से अधिक जन औषधि केंद्र आज लाखों परिवारों के लिए बड़ा संबल बन चुके हैं। उच्च गुणवत्ता वाली दवाओं को न्यूनतम मूल्य पर उपलब्ध कराकर ये केंद्र बीमारियों से लड़ने में सहायक सिद्ध हो रहे हैं और साथ ही आम जन की गाढ़ी कमाई की बचत भी सुनिश्चित कर रहे हैं। चिकित्सा क्षेत्र में आई यह सकारात्मक पहल समाज के अंतिम व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य का अधिकार पहुंचाने का कार्य कर रही है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव