आईपीयू में जेंडर सेंसिटाइजेशन कार्यशाला का आयोजन

 


नई दिल्ली, 07 मई (हि.स.)। गुरु गोबिन्द सिंह इन्द्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (आईपीयू) के जेंडर चैंपियंस क्लब ने लैंगिक समानता, संवेदनशीलता और समावेशिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “जेंडर सेंसिटाइजेशन कार्यशाला” का आयोजन किया।

इस कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों, शोधार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों के बीच संवाद और सहभागिता के माध्यम से जेंडर से जुड़े मुद्दों के प्रति जागरूकता और संवेदनशीलता विकसित करना था। सत्र के दौरान समानता, सम्मान, रूढ़िवादी धारणाओं को चुनौती देने तथा सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।

कार्यशाला की विशेषज्ञ वक्ता प्रो. रीना रामदेव ने प्रतिभागियों को जेंडर के संदर्भ में “शब्दों से आगे बढ़कर व्यवहार में परिवर्तन” की आवश्यकता के प्रति संवेदनशील बनाया। उन्होंने कहा कि हमारी दैनिक बातचीत, सोच और व्यवहार एक अधिक समावेशी एवं सम्मानजनक समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

डॉ. स्नेहा के समन्वयन में आयोजित इस कार्यक्रम में विचारोत्तेजक चर्चाएं, सहभागितापूर्ण गतिविधियां तथा वास्तविक जीवन के अनुभवों को साझा किया गया। जिससे प्रतिभागियों में सहानुभूति, समझ और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को बढ़ावा मिला। कार्यशाला ने प्रतिभागियों को अपने विचार साझा करने, अनुभवों पर चर्चा करने तथा विभिन्न दृष्टिकोणों को समझने के लिए एक सकारात्मक और सुरक्षित मंच भी प्रदान किया।

उन्होंने बताया कि इस कार्यशाला में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने एक समान, समावेशी और सम्मानजनक समाज के निर्माण के संदेश को और अधिक सशक्त बनाया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी