इंद्रप्रस्थ महिला महाविद्यालय का ‘समन्वय 2026’ समारोह संपन्न
नई दिल्ली, 28 अप्रैल (हि.स.)। इंद्रप्रस्थ महिला महाविद्यालय, दिल्ली विश्वविद्यालय का वार्षिक पुरस्कार समारोह ‘समन्वय 2026’ उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। यह आयोजन महाविद्यालय की प्रतिभा, उपलब्धियों और उत्कृष्टता का उत्सव रहा, जिसमें छात्राओं, शिक्षकों, अभिभावकों और विशिष्ट अतिथियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दिल्ली के उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में महाविद्यालय की समृद्ध विरासत की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्थान लगातार ऐसे युवा तैयार कर रहा है, जो समाज के विभिन्न क्षेत्रों में सार्थक योगदान दे रहे हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के महिला सशक्तिकरण और शिक्षा के दृष्टिकोण का उल्लेख करते हुए छात्राओं को बदलती दुनिया में ‘क्रिटिकल थिंकिंग’ और नवाचार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही, उन्होंने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की बढ़ती भूमिका और भविष्य में इसके प्रभाव पर भी प्रकाश डाला।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के डीन ऑफ कॉलेजेज प्रो. बलराम पाणी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. पूनम कुमरिया ने की। उन्होंने अपने संबोधन में संस्थान की मजबूत शैक्षणिक परंपरा, राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत किए जा रहे नवाचारों और विभिन्न सहयोगों की जानकारी दी। उन्होंने परिसर में सततता, छात्र कल्याण, मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रमों और समावेशी शिक्षा को बढ़ावा देने के प्रयासों को भी रेखांकित किया।
समारोह का एक प्रमुख आकर्षण महाविद्यालय की नई आधिकारिक वेबसाइट का शुभारंभ रहा, जिसे शैक्षणिक और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल और सुगम बनाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है।
कार्यक्रम के दौरान इनेबलिंग यूनिट की छात्राओं सहित कुल 73 विद्यार्थियों को शैक्षणिक और सह-पाठ्यक्रम क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी