छठ पूजा करने की सुविधा सुनिश्चित करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता : विजेंद्र गुप्ता
नई दिल्ली, 11 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि छठ पूजा गहरी आस्था और श्रद्धा का पर्व है। प्रत्येक श्रद्धालु की सुरक्षा, सुविधा और सम्मान सुनिश्चित करना हमारी सर्वोच्च जिम्मेदारी है। पर्व शुरू होने से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली जानी चाहिए, ताकि सार्वजनिक सुविधाओं में किसी भी प्रकार की कमी न रहे। यह बात विजेंद्र गुप्ता ने बुधवार को रोहिणी के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण करते हुए कही। उल्लेखनीय है कि चार दिवसीय छठ पूजा का आयोजन 13 से 16 नवंबर तक किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान विजेंद्र गुप्ता ने सेक्टर-7 स्थित रामलीला मैदान, राजा विहार, सूरज पार्क, सेक्टर-18 मेट्रो स्टेशन के निकट तथा सेक्टर-15 के बी-ब्लॉक सहित पांच स्थानों का दौरा किया। उन्होंने छठ पूजा के मद्देनजर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, आवागमन की सुविधा और श्रद्धालुओं की सुरक्षा से संबंधित तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं के पहुंचने से पहले सभी आवश्यक सुविधाएं पूरी तरह तैयार और क्रियाशील होनी चाहिए।
विजेंद्र गुप्ता ने विभिन्न स्थानों पर तैयारियों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित नागरिक एजेंसियों और विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सभी पांचों स्थानों पर निर्धारित समय से पहले आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी की जानी चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
दिल्ली में हजारों परिवारों के लिए छठ पूजा के विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व का उल्लेख करते हुए विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि प्रशासन को श्रद्धालुओं की आवश्यकताओं के प्रति विशेष रूप से संवेदनशील रहना चाहिए। उन्होंने महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और बच्चों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने पर जोर दिया। उन्होंने सभी संबंधित विभागों से पूरी जिम्मेदारी और तत्परता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया, ताकि 16 नवंबर को उषा अर्घ्य के साथ संपन्न होने वाला यह चार दिवसीय पर्व शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक ढंग से संपन्न हो सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव