‘इंडी गठबंधन’ अब पूरी तरह बिखरता हुआ नजर आएगा: प्रवीण खंडेलवाल

 


भाजपा की जीत पर कहा–सीमाओं से परे जनादेश, जब विजन मिलता है रणनीति से

नई दिल्ली, 04 मई (हि.स)। पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में मिला यह प्रचंड जनादेश केवल एक चुनावी परिणाम नहीं है, बल्कि ये निर्णायक शासन, जमीनी जुड़ाव और विकास-आधारित राजनीति की सशक्त पुनर्पुष्टि है, जो देश के विविध क्षेत्रों में समान रूप से प्रभावी सिद्ध हो रही है। अब ‘इंडी गठबंधन’ पूरी तरह बिखरता हुआ नजर आएगा।

चांदनी चौक से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने सोमवार को पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजों के रूझाणों पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए यह बात कही। खंडेलवाल ने कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अथक परिश्रम, अटूट संकल्प और आमजन की आकांक्षाओं के प्रति उनकी गहरी प्रतिबद्धता का प्रतिफल है, जिसने समकालीन भारत में नेतृत्व की परिभाषा को नया आयाम दिया है।

उन्होंने आगे कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की रणनीतिक कुशलता और संगठनात्मक क्षमता ने भी इस विजय में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। खंडेलवाल ने कहा कि उनकी पैनी राजनीतिक समझ, सूक्ष्म योजना और बूथ स्तर तक की सशक्त क्रियान्वयन क्षमता ने चुनावी प्रबंधन और संगठन सुदृढ़ीकरण के नए मानक स्थापित किए हैं। इन सांस्कृतिक और राजनीतिक रूप से विविध राज्यों में मिला यह जनादेश एक व्यापक राष्ट्रीय भावना को दर्शाता है, जनता स्थिरता, प्रदर्शन और वादों से आगे बढ़कर परिणाम देने वाले नेतृत्व के साथ खड़ी है।

खंडेलवाल ने कहा यह जीत केवल एक राजनीतिक दल की नहीं है, बल्कि यह एक सशक्त, आत्मविश्वासी और स्पष्ट दृष्टिकोण वाले भारत की ओर बढ़ते कदम का संकेत है। उन्होंने कहा कि पांच राज्यों के चुनाव परिणाम एक बार फिर यह स्पष्ट कर दिया है कि राहुल गांधी के करिश्माई नेतृत्व में कांग्रेस का सूपड़ा आने वाले समय में साफ हो जाएगा और तथाकथित ‘इंडी गठबंधन’ पूरी तरह बिखरता हुआ नजर आएगा। उन्होंने कहा कि देश की जनता का अटूट विश्वास और समर्थन माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत को निरंतर प्रगति और समग्र विकास की दिशा में आगे बढ़ा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर