दिल्ली में मतदान केंद्रों की संख्या में 1914 की बढ़ोतरी, कुल संख्या 14,947 पहुंची

 

नई दिल्ली, 24 अगस्त (हि.स.)। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत दिल्ली के सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान केंद्रों के युक्तिकरण के बाद संख्या 13,033 से बढ़कर 14,947 हो गई है। राजधानी में कुल 1914 मतदान केंद्रों की बढ़ोतरी हुई है। यह जानकारी सोमवार को दिल्ली चुनाव आयोग ने विज्ञप्ति जारी करते हुए दी।

विज्ञप्ति के मुताबिक, भारत निर्वाचन आयोग ने मतदान के समय मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रति मतदान केंद्र 1500 मतदाताओं की सीमा को घटाकर 1200 मतदाता प्रति मतदान केंद्र कर दिया है। इसके बाद युक्तिकरण की शुरुआत जिला निर्वाचन अधिकारियों द्वारा नियुक्त वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा मौजूदा मतदान केंद्रों के स्थानों के सत्यापन के साथ हुई। युक्तिकरण के दौरान आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार नए मतदान केंद्र स्थलों की पहचान की गई और नए मतदान केंद्र बनाए गए। जिन मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की संख्या 1200 से अधिक थी, वहां के मतदाताओं को सुविधा के लिए बगल के/ नव निर्मित मतदान केंद्रों पर स्थानांतरित भी किया गया। युक्तिकरण प्रक्रिया के दौरान सुझाव लेने के लिए सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा विधानसभा स्तर पर और जिला निर्वाचन अधिकारियों द्वारा जिला स्तर पर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के साथ बैठकें भी आयोजित की गईं। युक्तिकरण के बाद मतदान केंद्रों और मतदान केंद्र स्थलों का जिलेवार विवरण इस प्रकार है।

दक्षिण पूर्व जिला में मतदान केंद्रों की संख्या 1239 से बढ़कर 1564, पुरानी दिल्ली जिला में मतदान केंद्रों की संख्या 541 से बढ़कर 642, उत्तर जिला में मतदान केंद्रों की संख्या 873 से बढ़कर 971, नई दिल्ली जिला में मतदान केंद्रों की संख्या 208 से बढ़कर 214, मध्य जिला में मतदान केंद्रों की संख्या 633 से बढ़कर 682, मध्य उत्तर जिला में मतदान केंद्रों की संख्या 768 से 863, दक्षिण पश्चिम जिला में मतदान केंद्रों की संख्या 1187 बढ़कर 1351, बाहरी उत्तर जिला में मतदान केंद्रों की संख्या 904 से बढ़कर 975, उत्तर पश्चिम जिला में मतदान केंद्रों की संख्या 1248 से बढ़कर 1403, उत्तर पूर्व जिला में मतदान केंद्रों की संख्या 1585 से बढ़कर 1829, पूर्व जिला में मतदान केंद्रों की संख्या 1333 से बढ़कर 1543, दक्षिण जिला में मतदान केंद्रों की संख्या 1124 से बढ़कर 1367 और पश्चिम जिला में मतदान केंद्रों की संख्या 1390 से बढ़कर 1543 हो गई है। दिल्ली में कुल मिलकर 1914 मतदान केंद्रों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव