शाहदरा में एक करोड़ की हेरोइन बरामद, तस्कर गिरफ्तार
नई दिल्ली, 05 सितंबर (हि.स.)। शाहदरा जिला पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने मादक पदार्थ तस्करी के आरोप में एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान रॉकी उर्फ प्रदीप (35) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से 282 ग्राम उच्च गुणवत्ता वाली हेरोइन बरामद की है। इसकी कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है। उसके पास से एक स्कूटी भी बरामद हुई है।
पुलिस उपायुक्त आरपी मीणा के मुताबिक, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को सूचना मिली थी कि मादक पदार्थ की तस्करी में शामिल एक आरोपित सीमापुरी स्थित दिल्ली जल बोर्ड के पास डियर पार्क इलाके में आने वाला है। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दी। कुछ देर बाद एक युवक स्कूटी से वहां पहुंचा। पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली तो उसके पास से एक पैकेट में 282 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
इसके बाद पुलिस ने रॉकी उर्फ प्रदीप को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह यमुनापार के अलावा दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में हेरोइन की आपूर्ति करता है। शुरुआती जांच में पता चला है कि उसे बरेली से हेरोइन मिलती थी। आरोपित के मुताबिक, सीमापुरी में ही उसका सप्लायर उसे मादक पदार्थ उपलब्ध कराता था।
पुलिस अब आरोपित के सप्लायर का पता लगाने में जुटी है। यह भी जांच की जा रही है कि बरेली से हेरोइन की खेप किसके जरिए सीमापुरी तक पहुंचती थी और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, रॉकी के खिलाफ पहले से मादक पदार्थ तस्करी के चार मामले दर्ज हैं। पुलिस उससे पूछताछ कर पूरे नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव