दिल्ली विधायकों का अब साल में दो बार होगा स्वास्थ्य परीक्षण, स्पीकर विजेंद्र गुप्ता की अध्यक्षता में हुआ फैसला

 


नई दिल्ली, 21 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली विधानसभा के वर्तमान विधायकों का स्वास्थ्य परीक्षण अब वर्ष में दो बार कराया जाएगा। यह निर्णय बुधवार को दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में लिया गया। इस पहल का उद्देश्य विधायकों के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी करना, संभावित स्वास्थ्य समस्याओं की समय रहते पहचान करना तथा उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श और समय पर उपचार उपलब्ध कराना है।

बैठक में संत परमानंद अस्पताल के महाप्रबंधक तथा दिल्ली विधानसभा सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता की पहल पर पिछले वर्ष विधायकों के लिए वार्षिक स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था शुरू की गई थी।

बैठक के दौरान अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने निर्देश दिए कि दिल्ली विधानसभा के सभी वर्तमान विधायकों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण वर्ष में दो बार कराया जाए। इस व्यवस्था के माध्यम से उनके स्वास्थ्य की स्थिति का समय-समय पर आकलन किया जाएगा, ताकि संभावित बीमारियों की प्रारंभिक अवस्था में पहचान हो सके और आवश्यकता के अनुसार उचित चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार सुनिश्चित किया जा सके।

इस संबंध में 12 से 19 नवंबर तक संत परमानंद अस्पताल के सहयोग से स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया जाएगा। स्वास्थ्य परीक्षण की प्रक्रिया को व्यवस्थित एवं सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए जांच दो बैचों में की जाएगी। पहले बैच का स्वास्थ्य परीक्षण प्रातः 8:30 बजे तथा दूसरे बैच का प्रातः 9:30 बजे शुरू होगा। इस व्यवस्था से निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार सभी संबंधित विधायकों का स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी।

विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में सक्रिय जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारियां व्यापक होती हैं और उन्हें निरंतर जनसेवा में जुटे रहना पड़ता है। ऐसे में उनके स्वास्थ्य की नियमित निगरानी और समय पर चिकित्सकीय जांच अत्यंत महत्वपूर्ण है। वर्ष में दो बार स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था से संभावित स्वास्थ्य जोखिमों की समय रहते पहचान करने, आवश्यक उपचार उपलब्ध कराने तथा भविष्य में स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से बचाव के लिए उचित एहतियाती कदम उठाने में मदद मिलेगी।

दिल्ली विधानसभा सचिवालय द्वारा स्वास्थ्य जांच शिविर के सुचारु आयोजन तथा संबंधित चिकित्सा व्यवस्थाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक समन्वय किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव