हर्ष मल्होत्रा ने शहीद राजगुरु कॉलेज ऑफ एप्लाइड साइंस की प्राध्यापिका से की भेंट, प्रधानमंत्री की 12 साल की उपलब्धियों पर चर्चा

 


नई दिल्ली, 13 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के साथ नरेन्द्र मोदी के सर्वाधिक लम्बे चुने हुए कार्यकाल वाले प्रधानमंत्री बनने का रिकॉर्ड स्थापित होने पर भारतीय जनता पार्टी अन्य कार्यक्रमों के साथ ही समाज के विशिष्ट व्यक्तियों के बीच केन्द्र सरकार की 12 साल की उपलब्धियों की चर्चा को लेकर जा रही है और उन्हें उपलब्धियों की पुस्तक भी भेंट कर रही है।

इसी श्रृंखला में शनिवार को दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने शहीद राजगुरु कॉलेज ऑफ एप्लाइड साइंस की प्राध्यापिका प्रो. पायल मगगो एवं कालेज की कुछ वरिष्ठ अध्यापकों एवं उत्कृष्ट छात्राओं के ग्रुप से भेंट करके प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकार की उपलब्धियों की पुस्तिका भेंट करके उन पर चर्चा की।

हर्ष मल्होत्रा ने कालेज परिसर में लगाई गई विगत 12 साल की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकार की उपलब्धियों एवं मशरूम स्किल डेवलपमेंट की प्रदर्शनी देखी और साथ कालेज के मैदान में पौधारोपण भी किया।

इस अवसर पर दिल्ली भाजपा के नेता एवं विश्वविद्यालय में प्रो. अभिषेक टंडन, मयूर विहार जिला भाजपा अध्यक्ष विजेन्द्र धामा एवं निगम पार्षद मुनिशा ढेडा भी प्रदेश अध्यक्ष के साथ प्राध्यापिका एवं कालेज ग्रुप से मिले।

हर्ष मल्होत्रा ने एक बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के भारत के नवनिर्माण के विजन की कालेज ग्रुप से चर्चा की और कहा की मोदी की सरकार आज के युवाओं की कल्पना को भलीभांति समझती है और युवाओं की कल्पना के नये आत्मनिर्भर भारत के निर्माण को संकल्पित है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी