हर्ष मल्होत्रा ने निगम शिक्षकों को किया सम्मानित, निगम श्री विद्यालय सहित तीन कार्यक्रमों की घोषणा की
नई दिल्ली, 05 सितंबर (हि.स.)। शिक्षक दिवस पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा और दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने शनिवार को केदारनाथ साहनी सभागार में निगम शिक्षकों को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने अपने छात्र जीवन के संस्मरण साझा किए एवं शिक्षकों को अपनी कक्षा के छात्रों के भविष्य निर्माण की जिम्मेदारी उठाने के लिए प्रेरित किया। हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि शिक्षक के कंधों पर देश के भविष्य के निर्माण की जिम्मेदारी होती है।
इस अवसर पर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि शिक्षक समाज एवं राष्ट्र को दिशा देने का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि आज के बच्चे जो देश का भविष्य हैं उनके भविष्य के निर्माण की जिम्मेदारी भी शिक्षक की होती है। इस अवसर पर उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति एवं शिक्षाविद् डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन को भी याद किया।
हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि आज का दिन केवल एक व्यक्ति के सम्मान का न होकर पूरी व्यवस्था एवं गुरु शिष्य परंपरा के सम्मान का दिन है। उन्होंने कहा कि आज का समय नई तकनीक एवं नए कौशल सीखने का समय है और सुनिश्चित करना है कि छात्र इस कार्य में किसी से भी पीछे न रहें।
इस अवसर पर दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि निजी विद्यालयों से हर मामले में बेहतर निगम विद्यालय के शिक्षक हैं। वाही ने कहा कि आज निगम विद्यालय पहले से काफी बेहतर स्थिति में हैं और विद्यालयों में स्मार्ट कक्षाओं एवं स्मार्ट शिक्षकों को देखकर काफी अच्छा लगता है।
महापौर ने कहा कि दिल्ली में 20 से 21 लाख बच्चे 5-10 वर्ष की आयु के हैं और इनका 30 प्रतिशत छात्र निगम विद्यालयों में पढ़ रहे हैं और इन बच्चों को अच्छी सुविधा एवं अच्छी शिक्षा देना निगम का दायित्व है। उन्होंने कहा कि निगम विद्यालय मेधावी शिक्षकों के माध्यम से आगे बढ़ेंगे।
प्रवेश वाही ने कहा कि अपने विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने एवं नई तकनीक का इस्तेमाल कर अभिभावकों को जोड़ने के लिए प्रतिभागिता पहल आरम्भ की जा रही है। उन्होंने बताया कि निगम के 12 क्षेत्रों में 24 निगम श्री विद्यालय तैयार किए जा रहे हैं जो आस पास के स्कूलों का भी मार्गदर्शन करेंगे। उन्होंने बताया कि निगम विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों के लिए मिनी लीग भी आरम्भ की जा रही है जिसके माध्यम से अंडर -9 एवं अंडर -11 आयु वर्ग में क्रिकेट एवं फुटबॉल की खेल प्रतिभाओं की पहचान की जाएगी।
एमसीडी की शिक्षा समिति के अध्यक्ष योगेश वर्मा ने कहा कि आज का कार्यक्रम केवल शिक्षकों को सम्मानित करने का दिन ही नहीं बल्कि निगम विद्यालयों को नई दिशा, नई उड़ान देने का दिन है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए आज दिल्ली नगर निगम 24 निगम श्री विद्यालय आरम्भ करने जा रहा है।
निगम शिक्षक सम्मान समारोह के अवसर पर कुल 87 शिक्षाविदों जिनमें 4 प्रधानाचार्य एवं 83 अध्यापक शामिल हैं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग की उन्नयन वार्षिक पुस्तिका का भी विमोचन किया गया।
दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह में उप महापौर डॉ मोनिका पंत, नेता सदन जय भगवान यादव, स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा, स्थायी समिति के उपाध्यक्ष सत्यपाल सिंह, निगम की शिक्षा समिति के अध्यक्ष योगेश वर्मा, शिक्षा समिति के उपाध्यक्ष अमित खरखड़ी पार्षदगण, निगमायुक्त संजीव खिरवार, अतिरिक्त आयुक्त संजीव कुमार मित्तल, निदेशक शिक्षा निखिल तिवारी सहित निगम के वरिष्ठ अधिकारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी