हंसराज कॉलेज में फिजियोथेरैपी एवं रिहैबलिटेशन केंद्र तथा ओपन जिम का हुआ उद्घाटन

 


नई दिल्ली, 17 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के हंसराज कॉलेज में शुक्रवार को स्थापित फिजियोथेरैपी एवं रिहैबलिटेशन केंद्र का राष्ट्रीय भवन निर्माण निगम लिमिटेड (एनबीसीसी) सर्विसेस के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुनील कुमार पांडेय एवं कॉलेज की प्राचार्या प्रो. रमा ने उद्घाटन किया।

इस केंद्र में फिजियोथेरैपी से संबंधित अनेक उपयोगी एवं अत्याधुनिक उपकरण एनबीसीसी सर्विसेस द्वारा निगम सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत उपलब्ध करवाया गया। इसके साथ ही उनके सहयोग से स्थापित ओपन जिम का भी उद्घाटन हुआ।

कॉलेज की प्राचार्या प्रो. रमा ने कहा कि हंसराज कॉलेज में सात हजार से भी अधिक विद्यार्थी अध्ययन कर रहे हैं और यहां खेल कूद के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों की एक लंबी शृंखला रही है। यहां एक समृद्ध जिम, योग एवं ध्यान केंद्र, होमियोपैथी की सुविधा सहित अनेक प्रकार की संरचनाएं और सुविधाएं हाल के वर्षों में विद्यार्थियों के लिए विकसित की गई है। इसी कड़ी में अब फिजियोथैरेपी एवं ओपन जिम जैसी सुविधाओं का वृहद विस्तार विद्यार्थियों के लिए बेहद उपयोगी है। खेलकूद, स्वास्थ्य एवं वेलनेस की दृष्टि से यह संरचना बेहद उपयोगी और महत्वपूर्ण हैं।

इस अवसर पर कॉलेज की उप प्राचार्या प्रो. विजयरानी राजपाल, कॉलेज के सूचना अधिकारी डॉ. लोकेश चंद्र मिश्र, शारीरिक विज्ञान विभाग के प्रभारी डॉ. गौरव, कार्यक्रम संयोजक डॉ. विजय कुमार मिश्र सहित अनेक शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी