ग्रीन एंड क्लीन कैंपस अवॉर्ड 2026 में हंसराज कॉलेज प्रथम
नई दिल्ली, 15 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के हंसराज कॉलेज ने ग्रीन एंड क्लीन कैंपस अवॉर्ड 2026 में प्रथम स्थान हासिल कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि अपने नाम की है। इस प्रतियोगिता में मिरांडा हाउस ने दूसरा और जीसस एंड मैरी कॉलेज ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
हंसराज कॉलेज को परिसर में स्वच्छता, हरियाली, पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के क्षेत्र में किए जा रहे निरंतर प्रयासों के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया। कॉलेज की ओर से स्वच्छ एवं हरित परिसर विकसित करने के साथ विद्यार्थियों के लिए स्वस्थ, स्वच्छ और पर्यावरण-अनुकूल वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।
प्रथम स्थान प्राप्त करने पर हंसराज कॉलेज को एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि भी प्रदान की गई।
कॉलेज प्रशासन ने इस सम्मान का श्रेय शिक्षकों, गैर-शिक्षण कर्मचारियों, विद्यार्थियों और परिसर को स्वच्छ एवं हरित बनाए रखने में योगदान देने वाले सभी सदस्यों के सामूहिक प्रयासों को दिया। यह उपलब्धि हंसराज कॉलेज की हरित, स्वच्छ और सतत भविष्य की दिशा में प्रतिबद्धता को और मजबूत करती है तथा विद्यार्थियों एवं कॉलेज समुदाय में पर्यावरणीय जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा देती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी