पोते ने 87 वर्षीय रिटायर्ड नौसेना अधिकारी के खाते से उड़ाए 29.50 लाख रुपये, दोस्त समेत गिरफ्तार
नई दिल्ली, 18 नवंबर (हि.स.)। पूर्वी जिला के साइबर थाना पुलिस ने 87 वर्षीय सेवानिवृत्त नौसेना अधिकारी के बैंक खाते से 29 लाख 50 हजार 892 रुपये की ठगी के आरोप में उनके पोते और उसके दोस्त को गिरफ्तार किया है। पोते पर आरोप है कि उसने अपने दोस्त के साथ मिलकर बुजुर्ग के बैंक खाते से जुड़ी जानकारी का दुरुपयोग कर रकम अलग-अलग बैंक खातों में स्थानांतरित कर ली। ठगी की रकम से दोनों ने महंगी यात्राएं कीं, दोस्तों के साथ पार्टियां कीं और अपने शौक पूरे किए। इसी रकम से 2.75 लाख रुपये में एक पोलो कार भी खरीदी। पुलिस ने कार और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में अश्वनी राघव ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनके 87 वर्षीय पिता जगदीश सिंह भारतीय नौसेना से सेवानिवृत्त हैं। अप्रैल 2026 से अक्टूबर 2026 के बीच उनके बैंक खाते से लगातार धोखाधड़ी कर रकम निकाली गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने ई-एफआईआर संख्या 450/2026 दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि खाते से कुल 29,50,892 रुपये निकाले गए थे। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 319 के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की जांच के लिए थाना प्रभारी निरीक्षक पवन यादव के नेतृत्व में एएसआई शिव कुमार, हेड कांस्टेबल अनुराग और हेड कांस्टेबल योगेश की टीम गठित की गई। एसीपी ऑपरेशन महावीर प्रसाद की निगरानी में पुलिस टीम ने बैंक रिकॉर्ड, केवाईसी दस्तावेज और वित्तीय लेनदेन की बारीकी से जांच की। जांच में पता चला कि ठगी की रकम में से 9,26,892 रुपये अभिषेक राघव के नाम पर खुले इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के खाते में स्थानांतरित किए गए थे। वहीं, 20,24,000 रुपये तुषार चौधरी के पंजाब नेशनल बैंक खाते में भेजे गए थे।
बैंक खातों और लेनदेन की कड़ियां जोड़ते हुए पुलिस ने दोनों आरोपितों की पहचान की। इसके बाद उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर अभिषेक राघव और तुषार चौधरी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि 22 वर्षीय अभिषेक राघव शिकायतकर्ता अश्वनी राघव का बेटा और पीड़ित बुजुर्ग का पोता है। उसका मोबाइल नंबर दादा के बैंक खाते से जुड़ा हुआ था। आरोप है कि उसने इसी जानकारी का फायदा उठाकर अपने दोस्त तुषार चौधरी के साथ ठगी की साजिश रची और खाते से रकम अलग-अलग बैंक खातों में स्थानांतरित कराई। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बाकी रकम किन खातों में भेजी गई और इस वारदात में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपितों ने ठगी की रकम मौज-मस्ती और शौक पूरे करने में खर्च की। दोनों मनाली, नैनीताल और ओडिशा घूमने गए। इसके अलावा नोएडा में दोस्तों के साथ पार्टियां कीं। पुलिस के अनुसार, आरोपितों ने ठगी की रकम से 2.75 लाख रुपये में एक पोलो कार खरीदी थी। कार में 1.25 लाख रुपये का म्यूजिक सिस्टम भी लगवाया था। पुलिस ने कार जब्त कर ली है। दोनों के मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अभिषेक राघव खुर्जा से बीए-एलएलबी की पढ़ाई कर रहा है। वहीं, दूसरा आरोपित तुषार चौधरी भी 22 वर्ष का है और खुर्जा से नर्सिंग का कोर्स कर रहा है। दोनों को गिरफ्तार कर पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी