गजनी उपराज्यपाल नहीं, अरविंद केजरीवाल हैं: वीरेंद्र सचदेवा

 


नई दिल्ली, 26 दिसंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने शुक्रवार को आम आदमी पार्टी (आआपा) के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज द्वारा उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना को “गजनी” कहे जाने पर कड़ी निंदा की। सचदेवा ने कहा कि गजनी उपराज्यपाल नहीं बल्कि अरविंद केजरीवाल हैं।

दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि जब उपराज्यपाल ने वर्ष 2016-17 में तत्कालीन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण को लेकर 15 पन्नों का पत्र लिखा था, तब उसके पहले पेज में ही इस गंभीर समस्या पर मिलकर काम करने की बात कही गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पर केजरीवाल सरकार की ओर से जवाब मिला कि यह 15-20 दिन की समस्या है, कुछ मीडिया और एक्टिविस्ट इसे उठाएंगे और फिर मामला भूल जाएगा, इसलिए इस पर कुछ करने की जरूरत नहीं है।

सचदेवा ने कहा कि जिस सरकार ने दिल्ली को इस हालत में पहुंचाया, उसके पापों का जवाब भाजपा की 10 महीने की सरकार से क्यों मांगा जा रहा है?

आम आदमी पार्टी (आआपा) द्वारा सोशल मीडिया पर ‘दिल्ली के उपराज्यपाल गजनी बन गए हैं’ वाले पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए सचदेवा ने कहा कि फिल्म गजनी में किरदार को भूलने की बीमारी होती है। दिल्ली को बर्बाद करने और चुनाव में हार के बाद अगर किसी को दिल्ली की याद नहीं है तो वह अरविंद केजरीवाल हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि गजनी का किरदार केजरीवाल पर ज्यादा फिट बैठता है और पोस्टर में सही फोटो लगाई जानी चाहिए।

उल्लेखनीय है कि गुरुवार को आम आदमी पार्टी ने उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना को लेकर ‘गजनी’ शब्द का इस्तेमाल करते हुए पोस्ट साझा किया था। जिस पर भाजपा के नेताओं ने नाराजगी व्यक्त की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी