भाजपा के पूर्व विधायक राजेश गहलोत का निधन

 


नई दिल्ली, 14 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता एवं मटियाला से पूर्व विधायक राजेश गहलोत का द्वारका के वेंकटेश्वर अस्पताल में आज निधन हो गया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष, दिल्ली सरकार के मंत्रियों, विधायकों समेत तमाम भाजपा नेताओं ने राजेश गहलोत के निधन पर दुख व्यक्त किया है। राजेश गहलोत की अंत्येष्टि शुक्रवार को नवादा श्मशान घाट पर होगी।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, सांसद कमलजीत सहरावत, दिल्ली के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह एवं पंकज कुमार सिंह, विधायक संदीप सहरावत आदि ने राजेश गहलोत के परिजनों से मिलकर संवेदना प्रकट की।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि पूर्व विधायक राजेश गहलोत के आकस्मिक निधन का समाचार अत्यंत दुखद और हृदय को व्यथित करने वाला है। उन्होंने गुरुवार को एक्स पोस्ट में कहा कि दिल्ली भाजपा ने एक सच्चे जनसेवक, सक्रिय कार्यकर्ता और समाजहित के प्रति सदैव समर्पित व्यक्तित्व को खो दिया है। ईश्वर से प्रार्थना है कि पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष सचदेवा ने कहा कि पूर्व विधायक व द्वारका श्री रामलीला सोसाइटी के मुख्य संरक्षक राजेश गहलोत के आकस्मिक निधन की सूचना से मन व्यथित है। सेवा के प्रति उनका समर्पण सदैव अविस्मरणीय रहेगा। सचदेवा ने कहा कि राजेश गहलोत का जीवन जन सेवा एवं संगठन विस्तार को समर्पित जीवन रहा। पश्चिम दिल्ली खासकर देहात में भाजपा एवं राष्ट्रवाद के विचारों के प्रचार प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और पश्चिम दिल्ली में एक विशाल रामलीला प्रारंभ कर सांस्कृतिक विचारों को भी फैलाया। उनके निधन की सूचना मिलते ही पश्चिम दिल्ली भाजपा के हजारों कार्यकर्ता अस्पताल एवं उनके निवास पर एकत्र हो गए।

मालवीय नगर से भाजपा विधायक सतीश उपाध्याय ने एक्स पोस्ट में कहा कि मेरे प्रिय साथी राजेश गहलोत के आकस्मिक निधन की खबर बेहद दुखद है। मेरे दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष कार्यकाल में मेरे साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम किया और दिल्ली नगर निगम में भी मेरे कार्यकाल के दौरान हम दोनों ने मिलकर कई महत्वपूर्ण कार्य पूरे किए। समाज व क्षेत्र के लिए उनका योगदान अविस्मरणीय रहेगा। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में संबल दें।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव