विष्णु गार्डन में घर में लगी आग, ई-स्कूटी बनी हादसे की वजह, 13 साल के बच्चे की मौत, बुजुर्ग महिला झुलसीं
नई दिल्ली, 27 मई (हि.स.)। पश्चिमी दिल्ली के ख्याला इलाके के विष्णु गार्डन में मंगलवार देर रात एक घर में आग लगने से 13 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। जबकि 65 वर्षीय महिला गंभीर रूप से झुलस गईं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक आग घर के ग्राउंड फ्लोर पर खड़ी इलेक्ट्रिक स्कूटी और घरेलू सामान में लगी थी।
दिल्ली दमकल विभाग के अनुसार दमकल कंट्राेल रूम को रात करीब 2:43 बजे विष्णु गार्डन की गली नंबर-9 स्थित एक मकान में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही दमकल की तीन गाड़ियाें काे भेजा गया। कुछ ही मिनटों बाद आग की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त दमकल वाहन भी मौके पर रवाना किए गए। दमकल अधिकारियों के अनुसार आग पर रात करीब 3:10 बजे काबू पा लिया गया। जबकि ऑपरेशन पूरी तरह रात 4:10 बजे खत्म हुआ। दमकल विभाग की शुरुआती जांच में सामने आया कि आग ग्राउंड फ्लोर पर खड़ी इलेक्ट्रिक स्कूटी और घर में रखे घरेलू सामान में लगी थी। हादसे में दो लोग झुलस गए थे, जिन्हें स्थानीय लोग और पीसीआर टीम दमकल विभाग के पहुंचने से पहले ही गुरु गोविंद अस्पताल, रघुबीर नगर लेकर पहुंच गए थे। अस्पताल में डॉक्टर ने 13 वर्षीय जसप्रीत को मृत घोषित कर दिया। वहीं 65 वर्षीय स्वामजीत कौर करीब 35 प्रतिशत तक झुलस गईं। उनका इलाज जारी है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर इलेक्ट्रिक स्कूटी से आग फैलने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और संबंधित एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी