मजलिस पार्क में मकान में आग, पुलिस की मुस्तैदी से टला बड़ा हादसा

 


नई दिल्ली, 12 जुलाई (हि.स.)। उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के आदर्श नगर थाना क्षेत्र स्थित मजलिस पार्क में शनिवार रात एक मकान में आग लगने से इलाके में अफरातफरी मच गई। आग के दौरान एलपीजी सिलेंडर में तेज धमाका होने से आसपास के लोग दहशत में आ गए। संकरी गलियों के कारण दमकल कर्मियों को मौके तक पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। हालांकि दिल्ली पुलिस की तत्परता, लोगों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकालने और दमकल विभाग के संयुक्त प्रयासों से बड़ा हादसा टल गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

पुलिस के अनुसार, रात करीब 9:18 बजे पीसीआर पर सूचना मिली कि मजलिस पार्क की गली नंबर-10 स्थित मकान संख्या सी-504 में आग लग गई है। सूचना मिलते ही आदर्श नगर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने देखा कि आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया है और तेजी से फैल रही है।

हालात की गंभीरता को देखते हुए करीब 25 पुलिसकर्मियों को राहत एवं बचाव कार्य में लगाया गया। पुलिस ने सबसे पहले आसपास के मकानों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला और क्षेत्र में भीड़ को नियंत्रित किया। आग की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए, जिससे स्थिति और चुनौतीपूर्ण हो गई।

संकरी गलियों के कारण दमकल की गाड़ियों को घटनास्थल तक पहुंचने में कठिनाई हुई। इस बीच पुलिसकर्मियों ने आसपास उपलब्ध पानी की पाइपों से आग पर काबू पाने का प्रयास किया। राहत कार्य के दौरान अचानक मकान के भीतर रखे एलपीजी सिलेंडर में विस्फोट हो गया। धमाके के बाद पुलिसकर्मियों को सुरक्षित स्थान पर हटाया गया। इसके बाद दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

आग के दौरान दो और धमाकों की आवाज सुनाई दी। शुरुआती जांच में आशंका जताई गई है कि ये धमाके मकान में लगे एयर कंडीशनर के बाहरी यूनिट फटने से हुए। आग बुझाने के लिए दमकल विभाग की पांच गाड़ियों को लगाया गया, जिन्होंने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

घटना के दौरान प्रभावित मकान के बाहर करीब एक हजार लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। पुलिस ने पूरे समय मोर्चा संभाले रखा और लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा, जिससे राहत एवं बचाव कार्य में कोई बाधा नहीं आई।

मौके पर एसीपी जहांगीरपुरी भी पहुंचे और पुलिस बल के साथ कानून-व्यवस्था तथा राहत कार्यों की निगरानी की। स्थानीय लोगों ने पुलिस और दमकल कर्मियों की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि यदि समय रहते लोगों को बाहर नहीं निकाला जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। पुलिस के अनुसार, आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल इस घटना में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी