डूसू चुनाव के पहले चरण का मतदान संपन्न, एनएसयूआई ने 4-0 से ऐतिहासिक जीत दर्ज करने का जताया भरोसा
नई दिल्ली, 18 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनाव 2026-27 के पहले चरण का मतदान शुक्रवार को संपन्न हो गया। विश्वविद्यालय के विभिन्न कॉलेजों में छात्रों ने मतदान प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लिया। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने दावा किया है कि दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रों ने सामाजिक न्याय, समानता और विश्वविद्यालय के लोकतांत्रिक भविष्य के पक्ष में मतदान किया है।
एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने मतदान संपन्न होने के बाद कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन, पुलिस और पूरी व्यवस्था के भारी दबाव के बावजूद एनएसयूआई के कार्यकर्ता पूरे चुनाव के दौरान मजबूती से डटे रहे। उन्होंने कहा कि छात्रों ने सामाजिक न्याय और समानता के प्रति अपना स्पष्ट समर्थन दिखाया है। संगठन को पूरा विश्वास है कि एनएसयूआई चारों सीटों पर निर्णायक जीत हासिल कर 4-0 से ऐतिहासिक परिणाम देगी।
एनएसयूआई ने कहा कि दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्र नफरत, विभाजन और भय की राजनीति को पूरी तरह खारिज करने तथा सभी के लिए एक समावेशी परिसर का निर्माण करने के लिए तैयार हैं। संगठन ने दोहराया कि दिल्ली विश्वविद्यालय पूरी तरह से यहां के छात्रों का है और उनका जनादेश न्याय, समानता और बेहतर भविष्य के लिए होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी