डूसू चुनाव : एनएसयूआई के बागी निर्दलीय उम्मीदवार पर अभाविप के नाम से फर्जी पर्चियां बांटने का आरोप, तीन पुलिस के हवाले

 




नई दिल्ली, 18 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) चुनाव के बीच दयाल सिंह कॉलेज में एनएसयूआई के बागी निर्दलीय उम्मीदवार पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के नाम से कथित तौर पर फर्जी पर्चियां छपवाकर बांटने का आरोप लगा है। आरोप है कि इन पर्चियों के जरिए छात्रों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा करने का प्रयास किया गया। मामले में कॉलेज परिसर से दो लोगों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया है, जबकि इससे पहले भी एक व्यक्ति को पुलिस को सौंपे जाने की बात सामने आई है।

आरोपों के मुताबिक, दयाल सिंह कॉलेज में उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ रहे एनएसयूआई के बागी निर्दलीय उम्मीदवार के नाम वाली पर्चियां अभाविप के नाम से तैयार कराई गई थीं। कथित पर्चियों में उम्मीदवार का नाम सबसे ऊपर प्रमुखता से अंकित था। इसे चुनाव आचार नियमों के विपरीत बताते हुए आरोप लगाया गया कि इसका उद्देश्य छात्रों के बीच उम्मीदवार की पहचान को लेकर भ्रम पैदा करना था।

कॉलेज परिसर में कथित तौर पर फर्जी सामग्री बांटे जाने के दौरान दो लोगों को पकड़ा गया और उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया गया। इसके अलावा, इससे पहले भी एक व्यक्ति को इसी मामले में पुलिस को सौंपे जाने की बात सामने आई है।

घटनाक्रम के बाद कॉलेज परिसर में चुनाव प्रचार सामग्री और उसके इस्तेमाल को लेकर सवाल उठे हैं। मामले में पुलिस को सौंपे गए लोगों से पूछताछ तथा उपलब्ध सामग्री के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि पर्चियां किसने तैयार कराईं और उन्हें बांटने के पीछे क्या उद्देश्य था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी