नवाचार व स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए डीटीयू और आईआईएमसीआईपी के बीच एमओयू

 


नई दिल्ली, 29 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीटीयू) ने नवाचार को प्रोत्साहित करने के लिए आईआईएम कलकत्ता इनोवेशन पार्क (आईआईएमसीआईपी) के साथ महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। यह समझौता 27 नवंबर को हुआ। इसमें विश्वविद्यालय के नवाचार, उद्यमिता और नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

यह जानकारी डीटीयू की तरफ से सोशल मीडिया एक्स पर साझा की गई है। जिसमें बताया गया है कि इस सहयोग का उद्देश्य उद्यमिता को बढ़ावा देना, नवाचार को प्रोत्साहित करना, मेंटरशिप और इनक्यूबेशन के अवसर उपलब्ध कराना, संयुक्त पहल को प्रोत्साहित करना और सामाजिक पहुंच व उद्योग-अकादमिक जुड़ाव को मजबूत करना है।

समारोह में डीटीयू की ओर से कुलपति प्रो. प्रतीक शर्मा, रजिस्ट्रार बिनोद डोले, डीन (कॉरपोरेट रिलेशंस) प्रो. गिरीश कुमार, डीटीयू इनोवेशन एंड इनक्यूबेशन फाउंडेशन के सीईओ रोहित सरीन, ईपीएमएस के निदेशक एवं सलाहकार सुधीर वधेरा और सहायक निदेशक (कॉरपोरेट रिलेशंस) डॉ. दीपाली मल्होत्रा उपस्थित रहे।

वहीं, आईआईएम कलकत्ता इनोवेशन पार्क की ओर से अध्यक्ष अजय जैन, मुख्य व्यवसाय अधिकारी गौरव कपूर और वरिष्ठ कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. प्रभव जोशी उपस्थित रहे। यह साझेदारी डीटीयू और आईआईएमसीआईपी के साझा दृष्टिकोण को मजबूत करती है, जिसके तहत उद्यमी प्रतिभाओं को निखारना, नवाचार को बढ़ावा देना, सार्थक इनक्यूबेशन अवसर पैदा करना और समाज पर सकारात्मक प्रभाव डालना है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव