डीटीसी की आय में 173 करोड़ रुपये की वृद्धि : पंकज कुमार सिंह
नई दिल्ली, 17 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) घाटे से मुनाफे की ओर कदम बढ़ा रही है, जो दिल्ली सरकार के तहत लगातार किए जा रहे सतत सुधारों और बेहतर परिचालन दक्षता का परिणाम है। नवीनतम वित्तीय आंकड़ों के मुताबिक डीटीसी की कुल आय 2024-25 में 822.53 करोड़ रुपये से बढ़कर 2025-26 में 26 मार्च तक 995.55 करोड़ रुपये हो गई है, जिसमें लगभग 173 करोड़ रुपये की वृद्धि दर्ज की गई है।
परिवहन मंत्री ने एक विज्ञप्ति जारी कर बताया कि राजस्व प्राप्ति के विभिन्न स्रोतों का विश्लेषण करने से आय में हुई वृद्धि का प्रत्यक्ष विश्लेषण करता है। टिकटों की बिक्री से होने वाली आय 327.23 करोड़ रुपये से बढ़कर 379.77 करोड़ हो गई है, जो साल-दर-साल के हिसाब से 52.54 करोड़ रुपए की वृद्धि है। इस दौरान स्पेशल हायर सेवाओं से होने वाली कमाई 82.65 करोड़ रुपये से बढ़कर 99.21 करोड़ रुपये हो गई है, जो इस अवधी में 16.56 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी दर्शाती है। उन्होंने कहा कि सबसे अधिक बढ़ोतरी आय के विभिन्न स्रोतों (मिसलेनियस) में दर्ज की गई है, जो 342.67 करोड़ रुपये से बढ़कर 446.59 करोड़ रुपये हो गई है यानी 103.92 करोड़ रुपये की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज हुई है। यह बढ़ोतरी आय के स्रोतों में बेहतर प्रदर्शन के साथ-साथ विज्ञापन, किराया प्राप्ति और जुर्माने की वसूली जैसी अन्य स्रोतों से आय में उल्लेखनीय वृद्धि के कारण संभव हुई है, जो डीटीसी के समग्र वित्तीय सुधार में प्रमुख योगदानकर्ता के रूप में सामने आई है। यह बढ़ोतरी विभिन्न राजस्व स्रोतों में बेहतर प्रदर्शन और राजस्व प्राप्ति के विस्तार पर केंद्रित प्रयासों के कारण संभव हुई है।
परिवहन मंत्री ने कहा कि परिवहन निगम ने अपनी औसत मासिक आय में भी 68.54 करोड़ रुपये से 82.96 करोड़ रुपये तक की बढ़ोतरी दर्ज की है, जो मजबूत वित्तीय अनुशासन और संसाधनों के प्रभावी उपयोग को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि यह बदलाव पूरे डीटीसी परिवार के सामूहिक प्रयासों, प्रतिबद्धता और समर्पण का परिणाम है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव