नैनी झील में ड्रोन से कीटनाशक छिड़काव का शुभारंभ, मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम को मिलेगी मजबूती

 




नई दिल्ली, 25 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने मंगलवार को मॉडल टाउन स्थित नैनी झील में ड्रोन के माध्यम से कीटनाशक छिड़काव कार्यक्रम का शुभारंभ किया। दिल्ली नगर निगम की ओर से मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे व्यापक अभियान के तहत यह पहल की गई है। इस दौरान स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा भी मौजूद रही।

महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के मार्गदर्शन में दिल्ली सरकार और दिल्ली नगर निगम डेंगू एवं मलेरिया सहित मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए लगातार प्रभावी और आधुनिक उपाय अपना रहे हैं। ड्रोन तकनीक के माध्यम से कीटनाशक का छिड़काव इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

उन्होंने कहा कि ड्रोन के जरिए कम समय में बड़े क्षेत्र को कवर किया जा सकता है और जलाशयों तथा ऐसे दुर्गम स्थानों तक भी आसानी से पहुंच बनाई जा सकती है, जहां पारंपरिक माध्यमों से कीटनाशक का छिड़काव करना कठिन होता है। इससे मच्छरों के प्रजनन स्थलों पर समयबद्ध तरीके से नियंत्रण स्थापित करने में मदद मिलेगी।

महापौर ने कहा कि आवश्यकता के अनुसार ड्रोन तकनीक के माध्यम से कीटनाशक छिड़काव का विस्तार दिल्ली के अन्य बड़े जलाशयों और दुर्गम क्षेत्रों में भी किया जाएगा। आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से मच्छर नियंत्रण अभियान की पहुंच और प्रभावशीलता बढ़ाने में सहायता मिलेगी।

उन्होंने बताया कि निगम की ओर से मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए फील्ड स्तर पर लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। इसके तहत मच्छरों के प्रजनन स्थलों की नियमित जांच, लार्वा रोधी दवाओं का छिड़काव, फॉगिंग, संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी और जन-जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। जलाशयों, नालों, खाली प्लॉटों, निर्माण स्थलों तथा अन्य संभावित प्रजनन स्थलों पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है।

स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने कहा कि मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए निगम की ओर से युद्धस्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संभावित प्रजनन स्थलों की पहचान और नियमित निरीक्षण के साथ लार्वा रोधी दवाओं के छिड़काव, फॉगिंग और जन-जागरूकता गतिविधियों को लगातार तेज किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि ड्रोन तकनीक के इस्तेमाल से बड़े जलाशयों और दुर्गम क्षेत्रों में भी प्रभावी तरीके से कीटनाशक का छिड़काव किया जा सकेगा। इससे मच्छर नियंत्रण अभियान को और गति मिलेगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने घरों और आसपास पानी जमा न होने दें तथा मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम में निगम का सहयोग करें।

निगम ने नागरिकों से कूलर, गमले, छतों, कंटेनरों और अन्य संभावित स्थानों पर जमा पानी की नियमित जांच करने तथा पानी जमा होने की स्थिति में उसे तत्काल हटाने की अपील की है। निगम के अनुसार मच्छर जनित बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए प्रशासनिक प्रयासों के साथ नागरिकों की सक्रिय भागीदारी भी आवश्यक है।

इस अवसर पर स्थानीय विधायक अशोक गोयल, पार्षद विकेश सेठी, जोन उपायुक्त मोहित बंसल सहित निगम के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी