डीएमआरसी 'अवॉर्ड ऑफ एक्सीलेंस' से सम्मानित
नई दिल्ली, 25 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) को 'इनोवेशन और स्मार्ट मोबिलिटी सॉल्यूशंस में उत्कृष्टता' श्रेणी में प्रतिष्ठित 'अवॉर्ड ऑफ एक्सीलेंस' से सम्मानित किया गया है। डीएमआरसी को यह सम्मान भुवनेश्वर में हुए 19वें 'अर्बन मोबिलिटी इंडिया कॉन्फ्रेंस एंड एक्सपो' में मिला है।
डीएमआरसी के प्रबंध निदेशक डॉ. विकास कुमार ने केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल के हाथों यह पुरस्कार प्राप्त किया। इस अवसर पर ओडिशा के आवास और शहरी विकास मंत्री डॉ. कृष्ण चंद्र महापात्र मौजूद रहे। यह जानकारी रविवार को एक विज्ञप्ति के जरिए दी गई है।
दो दिवसीय (23-24 अक्टूबर) इस कॉन्फ्रेंस और एक्सपो में दुनिया भर से शहरी गतिशीलता (अर्बन मोबिलिटी) के विशेषज्ञ और पेशेवर शामिल हुए। यहां इस क्षेत्र के सतत विकास और प्रगति से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
डीएमआरसी ने हाल के वर्षों में इनोवेटिव स्मार्ट मोबिलिटी सॉल्यूशंस पर बड़े पैमाने पर काम किया है। इसके तहत डिजिटल टिकटिंग, प्रेडिक्टिव मेंटेनेंस (संभावित खराबी का पहले से पता लगाना) में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उपयोग, और ग्राहकों की प्रतिक्रिया (कस्टमर रिस्पॉन्स) प्रबंधन जैसे कई क्षेत्रों में नई पहल की गई हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव