‘विद्या वाहिनी योजना’ से हर बेटी के सपनों को मिलेगी नई उड़ान : रविंद्र इंद्राज सिंह
नई दिल्ली, 24 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली के समाज कल्याण मंत्री रविंद्र इन्द्राज सिंह ने कहा कि ‘विद्या वाहिनी योजना’ से शिक्षा का सफर आसान होगा और हर बेटी के सपनों को नई उड़ान मिलेगी। यह बात उन्होंने शनिवार को राजकीय सर्वोदय कन्या विद्यालय प्रह्लादपुर में आयोजित वार्षिक खेल दिवस 2026 एवं ‘विद्या वाहिनी योजना’ के अंतर्गत साइकिल वितरण समारोह में कही। इस अवसर पर उन्होंने छात्राओं का उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में निगम पार्षद अंजू अमन, मंडल अध्यक्ष निम्मी शर्मा, जिला उप शिक्षा निदेशक वेद प्रकाश सिंह, जोन-एक्स के उप शिक्षा निदेशक डॉ. भगवान दास, विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. अंजलि खत्री, सत्यवान, मुकेश चौधरी तथा विद्यालय के समस्त शिक्षक उपस्थित रहे।
वार्षिक खेल दिवस के दौरान छात्राओं ने 100 मीटर दौड़, रस्साकशी सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में पूरे उत्साह, उमंग और खेल भावना के साथ भाग लिया। खेलकूद विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, शारीरिक स्वास्थ्य, अनुशासन और टीम भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इस अवसर पर सभी प्रतिभागी छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
‘विद्या वाहिनी योजना’ के महत्व पर प्रकाश डालते हुए मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह ने कहा कि बेटियों की शिक्षा में आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों को दूर करना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। साइकिल मिलने से छात्राओं का विद्यालय आना-जाना अधिक सुगम होगा। इससे न केवल उनका समय बचेगा, बल्कि शिक्षा के प्रति उनका उत्साह भी बढ़ेगा। यह पहल बेटियों को आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करेगी।
मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह ने कहा कि ‘शिक्षित बेटियां–सशक्त दिल्ली’ केवल एक नारा नहीं, बल्कि एक ऐसे समाज के निर्माण का संकल्प है, जहां प्रत्येक बेटी को शिक्षा, समान अवसर और अपनी प्रतिभा को निखारने का पूरा अवसर मिले। शिक्षित बेटियां परिवार, समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देती हैं। इसलिए बेटियों की शिक्षा और सशक्तिकरण में निवेश करना दिल्ली के उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत करना है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली की डबल इंजन सरकार बेटियों के उज्ज्वल भविष्य, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और महिला सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आर्थिक या अन्य व्यावहारिक कठिनाइयां किसी भी बेटी की शिक्षा और उसके सपनों के आड़े न आएं।
मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह ने विश्वास व्यक्त किया कि ‘विद्या वाहिनी योजना’ जैसी पहल छात्राओं को शिक्षा से जुड़े रहने, आत्मनिर्भर बनने और जीवन में नई ऊंचाइयां हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी। दिल्ली सरकार बेटियों को सशक्त बनाने और उन्हें बेहतर भविष्य के अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव