दिल्ली सरकार का 14 जून को यमुना स्वच्छता अभियान
नई दिल्ली, 07 जून (हि.स.)। दिल्ली सरकार यमुना नदी को उसका गौरव लौटाने, नदी के तटों को स्वच्छ बनाने व पर्यावरण संरक्षण के प्रति नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से 14 जून को यमुना तट स्वच्छता अभियान का आयोजन करेगी। इस अभियान में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता स्वयं शामिल होंगी।
मुख्यमंत्री ने रविवार को बयान जारी कर कहा कि यमुना केवल नदी नहीं बल्कि दिल्ली की सांस्कृतिक, धार्मिक और पर्यावरणीय धरोहर है। यमुना के संरक्षण का दायित्व सरकार के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक का भी है। इसी सोच को जन-जन तक पहुंचाने और सामूहिक भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए यह व्यापक अभियान आयोजित किया जा रहा है। 14 जून को यमुना रिवरफ्रंट के प्रमुख घाटों पर एक साथ स्वच्छता और जन-जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएंगी। अभियान में लगभग 500 सामाजिक, धार्मिक, शैक्षणिक और स्वयंसेवी संगठनों के साथ हजारों स्वयंसेवकों की भागीदारी होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव