दिल्ली सरकार 10,000 छात्रों के लिए बनेगी हॉस्टल

 


नई दिल्ली, 15 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि राजधानी को शिक्षा हब बनाने के साथ-साथ दिल्ली सरकार ने 10 हजार छात्रों के लिए हॉस्टल बनाने का फैसला लिया है। दिल्ली सरकार ने 10 हजार छात्रों के लिए सुरक्षित और किफायती हॉस्टल बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। उन्होंने यह हॉस्टल छात्र और छात्राओं दोनों के लिए होंगे।

मुख्यमंत्री ने मंगलवार को सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर विडियो जारी करते कहा कि ये हॉस्टल लड़के और लड़कियों, दोनों तरह के छात्रों के लिए होंगे। दिल्ली के किसी भी विश्वविद्यालय या कॉलेज में पढ़ने वाले छात्र इन सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे। उन्होंने कहा कि हमने हॉस्टल बनाने में सक्षम संबंधित विभागों के साथ बैठकें की हैं, सही जगहें चुनी हैं और एक नीति का ड्राफ्ट तैयार करना शुरू कर दिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने छात्रों की जरूरतों और इन हॉस्टलों में जरूरी सुविधाओं पर अच्छी तरह से विचार किया है। सरकार ऐसे हॉस्टल बनाएंगी, जहां देश भर के माता-पिता अपने बच्चों को पूरी निश्चिंतता के साथ छोड़ सकें, और जहं छात्र—खाने या रहने की चिंता से मुक्त होकर—पूरी तरह से अपने सपनों को पूरा करने पर ध्यान दे सकें। उन्होंने कहा कि हॉस्टलों के लिए जगहों की पहचान की जा रही है और तय समय में इसे लागू करने के लिए एक खास पॉलिसी तैयार की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि सत्य निकेतन हादसे के बाद दिल्ली सरकार ने अवैध रूप से चल रहे हॉस्टल के बड़ी संख्या में कार्रवाई की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव