उप-महापौर ने गिरधर लाल अस्पताल का किया निरीक्षण, सिविल इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए चार करोड़ रुपये किये स्वीकृत
नई दिल्ली, 28 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली की उप-महापौर डॉ. मोनिका पंत ने सोमवार को गिरधर लाल अस्पताल का विस्तृत निरीक्षण कर अस्पताल में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं, दवाओं की उपलब्धता, स्वच्छता व्यवस्था तथा चिकित्सा एवं सिविल इंफ्रास्ट्रक्चर का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल प्रशासन को मरीजों की सुविधा एवं बेहतर उपचार व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उप-महापौर ने अस्पताल के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण करते हुए स्वच्छता व्यवस्था को प्राथमिकता देने तथा अस्पताल परिसर में साफ-सफाई के उच्च मानकों को लगातार बनाए रखने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर उप-महापौर ने बताया कि मरीजों को आधुनिक एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अस्पताल में शीघ्र ही आधुनिक तकनीक पर आधारित नई चिकित्सा मशीनें एवं उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। इसी दिशा में अस्पताल में डायलिसिस मशीन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जा रही है। उन्होंने कहा कि मरीजों की आवश्यकताओं के अनुरूप अन्य आवश्यक चिकित्सा उपकरण भी चरणबद्ध तरीके से अस्पताल में उपलब्ध कराए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि अस्पताल के सिविल इंफ्रास्ट्रक्चर को बेहतर एवं सुदृढ़ बनाने के लिए लगभग चार करोड़ रुपये की राशि का प्रावधान किया गया है। इस राशि के माध्यम से अस्पताल की आधारभूत सुविधाओं में आवश्यक सुधार किए जाएंगे, जिससे मरीजों और उनके साथ आने वाले परिजनों को अधिक सुविधाजनक एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
डॉ. मोनिका पंत ने अस्पताल में उपचार करा रहे मरीजों एवं उनके परिजनों से भी संवाद किया। उन्होंने मरीजों से अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं, दवाओं की उपलब्धता तथा उन्हें प्रदान किए जा रहे उपचार के संबंध में जानकारी ली और उनकी समस्याओं को सुना।
उप-महापौर ने जानकारी दी कि अस्पताल में मरीजों को सस्ती एवं गुणवत्तापूर्ण जेनेरिक दवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जल्द ही जन औषधि स्टोर खोले जाने की योजना है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ दवाओं की सहज उपलब्धता भी मरीज-केंद्रित स्वास्थ्य व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
उन्होंने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिया कि मरीजों की आवश्यकताओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए तथा अस्पताल में स्वच्छता, दवा उपलब्धता और उपचार संबंधी व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा की जाए।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय पार्षद किरण बाला, अतिरिक्त आयुक्त पंकज नरेश अग्रवाल, निदेशक अस्पताल प्रशासन डॉ ए एन माथुर, चिकित्सा अधीक्षक डॉ सत्य प्रकाश सहित अस्पताल एवं निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी