पीबीजी ग्राउंड्स में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित, ‘एक पेड़ मां के नाम’ का संदेश हर मोहल्ले तक पहुंचा

 


नई दिल्ली, 20 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली के हरित क्षेत्र को मजबूत करने और पर्यावरण संरक्षण में जनभागीदारी को बढ़ावा देने के लिए ‘दिल्ली मेगा पौधारोपण अभियान-2026’ एवं ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत सेंट्रल रिज स्थित पीबीजी ग्राउंड्स में वृहद पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व दिल्ली भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा और दिल्ली के पर्यावरण मनजिंदर सिंह सिरसा ने किया।

इस अवसर पर पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि दिल्ली सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की भावना के अनुरूप जनभागीदारी को अपने पौधारोपण अभियान की आधारशिला बनाया है। उन्होंने कहा कि हमारा संकल्प केवल पेड़ लगाना नहीं है, बल्कि दिल्ली के लोगों को इस अभियान से जोड़ना है। हम चाहते हैं कि प्रत्येक पेड़ जिम्मेदारी और स्नेह की भावना के साथ लगाया जाए, ठीक उसी तरह जैसे हम अपनी मां की देखभाल करते हैं।

केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि सेंट्रल रिज में आयोजित यह वृहद पौधारोपण कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण को राजधानी में व्यापक जनआंदोलन में बदलने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने पार्टी संगठन की सक्रिय भूमिका पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि सांसद, विधायक, निगम पार्षद और प्रत्येक मंडल के जमीनी स्तर के कार्यकर्ता एकजुट होकर ‘एक पेड़ मां के नाम’ का संदेश दिल्ली के हर मोहल्ले तक पहुंचा रहे हैं।

मंत्री सिरसा ने बताया कि इस अभियान से कई प्रमुख पेशेवर एवं नागरिक संगठनों को भी जोड़ा गया है। दिल्ली बार एसोसिएशन, दिल्ली मेडिकल एसोसिएशन, विभिन्न क्लब, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन, फिक्की सहित अनेक संस्थाएं अभियान से जुड़कर विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण अभियान में भाग ले रही हैं।

पौधारोपण अभियान के व्यापक स्वरूप की जानकारी देते हुए सिरसा ने कहा कि मेगा पौधारोपण अभियान की शुरुआत केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व एवं सहभागिता से हुई, जिन्होंने इस महत्वपूर्ण पर्यावरणीय पहल को प्रारंभ कर इसे प्रोत्साहित किया। अभियान के पहले ही दिन 51 स्थानों पर 5 लाख पौधे लगाए गए, जिससे अभियान को महत्वपूर्ण गति मिली। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष सुप्रीम कोर्ट और दिल्ली हाईकोर्ट के न्यायाधीशों के साथ-साथ 90 देशों के राजदूतों ने भी पौधारोपण गतिविधियों में भाग लिया था।

सिरसा ने बताया कि पौधारोपण अभियान पोर्टल के माध्यम से नागरिकों और रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों को पौधारोपण के लिए पंजीकरण एवं सहभागिता की सुविधा दी गई है। अब तक करीब 1.78 लाख लोगों ने पौधारोपण पोर्टल पर पंजीकरण कराया है, जिनमें से लगभग 1.54 लाख लोगों ने अभियान में भाग लिया है। नागरिकों की भागीदारी से करीब 3.42 लाख पौधे लगाए जा चुके हैं।

मंत्री ने बताया कि दिल्ली के विभिन्न इलाकों और मोहल्लों तक अभियान को पहुंचाने के लिए 13 ‘वृक्ष रथ’ तैनात किए गए हैं। इनके माध्यम से 58 हजार से अधिक लोगों को पौधारोपण गतिविधियों से जोड़ा गया है। इसके अलावा सीआरपीएफ, बीएसएफ, स्कूलों और कॉलेजों सहित विभिन्न संस्थानों के माध्यम से 6 लाख से अधिक पौधे निःशुल्क वितरित किए गए हैं।

सिरसा ने बताया कि अभियान के तहत 2,892 पर्यावरण रक्षकों एवं पर्यावरण प्रेमियों ने पंजीकरण कराया है और उन्हें पौधारोपण, वृक्ष संरक्षण तथा यमुना के पुनरुद्धार से जुड़े दीर्घकालिक प्रयासों से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि वन विभाग द्वारा करीब 15 लाख पौधे लगाए गए हैं, जबकि वन विभाग, डीडीए, एमसीडी और अन्य एजेंसियों द्वारा सामूहिक रूप से किए गए पौधारोपण से कुल संख्या करीब 50 लाख तक पहुंच गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव