दिल्ली के उपराज्यपाल ने गुरु तेग बहादुर के प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारा रकाबगंज साहिब में की अरदास

 


नई दिल्ली, 07 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने नौवें सिख गुरु गुरुतेग बहादुर के प्रकाश पर्व पर मंगलवार को गुरुद्वारा रकाबगंज साहिब में अरदास की। यह जानकारी सोशल मीडिया अकाउंट एक्स ‘लोक निवास दिल्ली’ पर साझा की गई है।

उपराज्यपाल ने धर्म एवं मानवता की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले गुरु तेग बहादुर जी के प्रकाश पर्व की सभी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि गुरु महाराज हम सभी के लिए प्रेरणापुंज हैं। शौर्य, बलिदान, त्याग और करुणा से परिपूर्ण उनका जीवन हमें अधर्म, अन्याय और अत्याचार के विरुद्ध एकजुट होने की प्रेरणा देता है।

उपराज्यपाल ने गुरुद्वारा रकाबगंज साहिब में अन्य श्रद्धालुओं के साथ यहां लंगर भी ग्रहण किया। उन्होंने कहा कि हम 'हिंद दी चादर' को नमन करते हैं, जिनका मानवता, धार्मिक स्वतंत्रता और न्याय की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव