दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे आधुनिकता को आध्यात्मिकता से जोड़ने वाला सेतु : रेखा गुप्ता

 


नई दिल्ली, 14 अप्रैल (हि.स.)। बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती के अवसर पर मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे को जनता को समर्पित किया। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी इस कार्यक्रम में वर्चुअली जुड़ीं और इस एक्सप्रेसवे को दिल्ली की आधुनिकता को देवभूमि की आध्यात्मिकता से जोड़ने वाला सेतु बताया।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में दिल्ली की जरूरतों को समझते हुए कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं पूरी हुई हैं। उन्होंने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा परिवहन मंत्रालय के तहत दिल्ली में करीब 1.25 लाख करोड़ रुपये के काम चल रहे हैं, जो राजधानी के बुनियादी ढांचे को नई दिशा दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि 12,000 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह एक्सप्रेसवे दिल्ली और देहरादून के बीच यात्रा समय को लगभग 6 से 7 घंटे से घटाकर मात्र 2 से 2.5 घंटे कर देगा। उन्होंने कहा कि देश में एक्सप्रेसवे और हाई-स्पीड कॉरिडोर का नेटवर्क तेजी से विस्तार कर रहा है, जो 3,000 किमी से अधिक हो चुका है, वहीं नेशनल हाईवे नेटवर्क भी लगभग 51,000 किमी से बढ़कर 1,46,000 किमी तक पहुंच गया है। यह देश में बुनियादी ढांचे के तीव्र विकास का प्रमाण है।

मुख्यमंत्री ने ‘डबल इंजन सरकार’ की ताकत का जिक्र करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों के बेहतर तालमेल से दिल्ली तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ रही है। कई प्रमुख सड़कों को भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को सौंपा गया है, जिससे उनका बेहतर रखरखाव और विकास संभव हो सकेगा। लगभग 5,000 करोड़ रुपये की लागत से मुनक नहर पर बनने वाली एलिवेटेड रोड परियोजना से ट्रैफिक और सुगम होगा और जाम की समस्या भी काफी हद तक कम होगी। दिल्ली सरकार अब जमीनी स्तर पर काम करते हुए हर समस्या के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में दिल्ली निरंतर प्रगति कर रही है और आने वाले समय में नई परियोजनाओं और नीतियों के माध्यम से राजधानी को और सशक्त बनाया जाएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री के ‘विकसित भारत 2047’ के विजन के अनुरूप दिल्ली विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव