दिल्ली में युवाओं व महिलाओं को मिलेगा अत्याधुनिक कौशल विकास केंद्र
नई दिल्ली, 24 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली सरकार युवाओं और महिलाओं को कौशल, रोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़ने के लिए महत्वाकांक्षी परियोजना को आकार देने जा रही है। शालीमार बाग में अत्याधुनिक कौशल विकास केंद्र विकसित किया जाएगा, जहां युवाओं को आधुनिक तकनीक और उद्योग की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही, महिलाओं को रोजगार, स्वरोजगार और उद्यमिता के लिए तैयार किया जाएगा। विशेष रूप से 12वीं पास युवाओं के लिए आईटीआई की तर्ज पर रोजगारपरक तकनीकी पाठ्यक्रम और महिलाओं के लिए बेकरी, ब्यूटी, फैशन, सिलाई और अन्य व्यावहारिक कौशल से जुड़े शॉर्ट टर्म कोर्स शुरू किए जाएंगे। इस पहल का उद्देश्य प्रशिक्षण को केवल प्रमाणपत्र तक सीमित न रखकर उसे रोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता का माध्यम बनाना है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि सरकार की प्राथमिकताओं में दिल्ली के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना और महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना शामिल है। शालीमार बाग में बनने वाला यह केंद्र इसी सोच का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यहां प्रशिक्षण को बाजार की मांग और उद्योगों की जरूरतों से जोड़ते हुए युवाओं को आधुनिक कार्यक्षेत्र के लिए तैयार किया जाएगा। महिलाओं को अपनी रुचि, क्षमता और पारिवारिक परिस्थितियों के अनुरूप कौशल सीखने तथा स्वयं का व्यवसाय शुरू करने के अवसर मिलेंगे। केंद्र में लचीली समय-सारणी, सप्ताहांत बैच और ऑनलाइन-ऑफलाइन प्रशिक्षण की सुविधा भी प्रस्तावित है, जिससे घरेलू जिम्मेदारियों के कारण प्रशिक्षण से वंचित रहने वाली महिलाएं भी अपने हुनर को निखार सकेंगी। यह केंद्र न केवल युवाओं के लिए कौशल विकास का प्रमुख केंद्र बनेगा, बल्कि महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाकर मुख्यधारा से जोड़ने में मील का पत्थर साबित होगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस केंद्र के आधुनिक भवन का निर्माण दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम (डीटीटीडीसी) लगभग आठ एकड़ क्षेत्र में करेगा। डेसू कॉलोनी के पास बनने वाले इस केंद्र में स्मार्ट क्लासरूम, 14 अत्याधुनिक लैब व प्रशिक्षण केंद्र, लाइब्रेरी और लर्निंग रिसोर्स सेंटर, 250 व्यक्तियों की क्षमता वाला मल्टीपर्पज ऑडिटोरियम, कॉन्फ्रेंस और प्लेसमेंट आदि से जुड़ी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। प्रशिक्षण के लिए डिजिटल एवं आईटी लैब, फैशन और टेक्सटाइल लैब, सिलाई एवं हस्तशिल्प, ब्यूटी-वेलनेस, बेकरी एवं फूड प्रोसेसिंग, हेल्थकेयर आदि से संबंधित आधुनिक उपकरण उपलब्ध होंगे।
उन्होंने कहा कि परिसर से सटे लगभग दो एकड़ क्षेत्र में हॉर्टिकल्चर प्रशिक्षण मैदान भी विकसित किया जाएगा, जहां पौधों की देखभाल, पौध स्वास्थ्य और लैंडस्केपिंग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा सकेगा। दिल्ली के दूर-दराज के क्षेत्रों और बाहर से आने वाले छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वहां हॉस्टल एवं आधुनिक स्पोर्ट्स फैसिलिटी विकसित करने की योजना भी है ताकि प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवाओं को एक संपूर्ण और सुलभ शैक्षणिक माहौल मिल सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र में महिलाओं के लिए फैशन डिजाइन, सिलाई, कढ़ाई, ब्यूटीशियन, हेयर स्टाइलिंग, बेकरी, फूड प्रोसेसिंग और हस्तशिल्प जैसे पाठ्यक्रम विशेष रूप से उपयोगी होंगे। प्रशिक्षण के बाद महिलाएं नौकरी करने के साथ अपना बुटीक, ब्यूटी सलून, बेकरी, टिफिन सेवा या अन्य व्यवसाय शुरू कर सकेंगी। महिला उद्यमिता एवं इनक्यूबेशन सुविधा के माध्यम से उन्हें व्यवसाय शुरू करने के लिए मार्गदर्शन, मेंटरशिप, बाजार से जुड़ाव और वित्तीय सहायता के अवसरों से जोड़ने की व्यवस्था प्रस्तावित है। उन्होंने बताया कि कामकाजी माताओं की सुविधा के लिए परिसर में 25-25 बच्चों की क्षमता वाली दो क्रैच यूनिट तथा प्राथमिक चिकित्सा के लिए मेडिकल सिक-बे भी बनाया जाएगा। इससे महिलाओं को प्रशिक्षण के दौरान बच्चों की देखभाल की चिंता से राहत मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस केंद्र का अकादमिक एवं तकनीकी संचालन सरकार के उच्च शिक्षा निदेशालय के अंतर्गत आने वाले डॉ. बीआर अंबेडकर विश्वविद्यालय के कौशल विकास केंद्र के माध्यम से किया जाएगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम राष्ट्रीय कौशल योग्यता ढांचे (एनएसक्यूएफ) और प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना (पीएमकेवीवाई) के मानकों के अनुरूप उद्योग आधारित व्यावहारिक कौशल पर केंद्रित होंगे। युवाओं को डिजिटल सेवाओं, आईटी सपोर्ट, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रिटेल और हॉस्पिटैलिटी जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षण मिलेगा।
उन्होंने बताया कि पाठ्यक्रम पूरा करने के बाद रोजगार, अप्रेंटिसशिप अथवा स्वयं का उद्यम शुरू करने के लिए मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। इस केंद्र को स्किल इंडिया, मिशन शक्ति, राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 और ‘विकसित भारत-2047’ जैसी प्राथमिकताओं से जोड़ते हुए प्रशिक्षुओं के लिए उच्च शिक्षा के आगे के रास्ते भी खोलने की योजना है। विशेष बात यह है कि यहां प्रशिक्षित युवाओं एवं महिलाओं को सरकार की ओर से सर्टिफिकेट भी प्रदान किए जाएंगे, ताकि दूसरी जगहों पर भी रोजगार मिलने में उन्हें आसानी रहे।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव