दिल्ली में थोड़ी देर की बारिश से जलमग्न हुईं सड़कें, आआपा ने सरकार को घेरा
नई दिल्ली, 24 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली में सोमवार को हुई थोड़ी देर की बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। सदर बाजार, कमला नगर, कनॉट प्लेस और जखीरा अंडरपास समेत कई स्थानों पर सड़कों पर पानी भरने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। आम आदमी पार्टी (आआपा) ने जलभराव की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर सरकार पर निशाना साधा और सवाल किया कि दिल्ली को जलभराव से मुक्ति दिलाने के दावे कहां हैं।
आआपा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने सदर बाजार में जलभराव का वीडियो एक्स पर साझा करते हुए कहा कि यह दिल्ली के प्रमुख व्यापारिक केंद्रों में शामिल सदर बाजार का दृश्य है, जहां दुकानों में पानी भरने से कारोबारियों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार बनने के बाद से दिल्ली लगातार जलभराव की समस्या से जूझ रही है। नालों की सफाई को लेकर किए गए दावों की बारिश ने पोल खोल दी है। उन्होंने प्रशासन से जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की मांग की।
भारद्वाज ने कटाक्ष करते हुए कहा कि दिल्ली में बच्चों के लिए मुफ्त वाटर पार्क की व्यवस्था करने के लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और सरकार को धन्यवाद देना चाहिए। उन्होंने कहा कि सड़कों पर भरे पानी से आम लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
आआपा की वरिष्ठ नेता एवं दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने भी जलभराव को लेकर सरकार पर तंज कसा। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि दिल्ली की सड़कों पर भरे पानी के जरिए बच्चों के लिए ‘फ्री स्विमिंग पूल’ की व्यवस्था करने के लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को धन्यवाद।
आआपा के वरिष्ठ नेता और एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने कहा कि थोड़ी देर की बारिश ने ही दिल्ली में सफाई और जलभराव से निपटने की तैयारियों की स्थिति सामने ला दी है। उन्होंने कहा कि आम इलाकों से लेकर वीवीआईपी क्षेत्रों तक कई सड़कों पर पानी भर गया। उन्होंने सवाल किया कि सरकार दिल्ली को जलभराव और बदहाल सफाई व्यवस्था से कब मुक्ति दिलाएगी।
नारंग ने कहा कि दिल्ली की जनता को केवल दावों और भाषणों की नहीं, बल्कि जलभराव और सफाई की समस्या के स्थायी समाधान की जरूरत है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी