मयूर विहार से एम्स तक का सफर होगा सिग्नल फ्री, कैबिनेट ने लगाई दो बड़ी परियोजनाओं पर मुहर

 


नई दिल्ली, 16 मार्च (हि.स.)। दिल्ली सरकार ने राजधानी में ट्रैफिक जाम कम करने और लोगों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं को मंजूरी दी है। कैबिनेट ने बारापुला फेज-III एलिवेटेड कॉरिडोर और एमबी रोड पर 6-लेन एलिवेटेड कॉरिडोर एवं अंडरपास परियोजना को स्वीकृति दे दी है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में सोमवार को दिल्ली सचिवालय में हुई कैबिनेट की बैठक में इन दोनों योजनाओं को मंजूरी दी गई। कैबिनेट के फैसले पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से लाखों लोगों को राहत मिलेगी और दिल्ली की सड़क व्यवस्था अधिक आधुनिक और सुगम बनेगी। ये परियोजनाएं ‘विकसित दिल्ली’ के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के विजन को साकार करने में भी योगदान देंगी।

सराय काले खां से मयूर विहार तक बारापुला नाले के ऊपर एलिवेटेड रोड (फेज-III) के निर्माण के लिए संशोधित लागत 1635.03 करोड़ रुपये मंजूर की गई है। यह परियोजना मौजूदा बारापुला एलिवेटेड कॉरिडोर का विस्तार है और इसके पूरा होने पर पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार से दक्षिण दिल्ली में एम्स तक बिना सिग्नल के सीधी कनेक्टिविटी मिल सकेगी।

इससे पूर्वी और दक्षिणी दिल्ली के बीच रोज यात्रा करने वाले लाखों लोगों का यात्रा समय काफी कम होगा और सराय काले खां, रिंग रोड, डीएनडी फ्लाईवे तथा एनएच-24 के आसपास होने वाला ट्रैफिक जाम भी कम होगा। इस परियोजना का निर्माण कार्य 30 जून 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

मुख्यमंत्री न कहा कि पिछली सरकार के समय इस परियोजना में हुई अनावश्यक देरी को सरकार ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूरे मामले को एंटी-करप्शन ब्रांच को विस्तृत जांच के लिए भेज दिया गया है ताकि यह पता लगाया जा सके कि देरी क्यों हुई और इसके लिए जिम्मेदार कौन है। मौजूदा सरकार परियोजना को स्पष्ट वित्तीय व्यवस्था और जवाबदेही के साथ आगे बढ़ा रही है।

एमबी रोड पर 6-लेन एलिवेटेड कॉरिडोर को मंजूरी

कैबिनेट ने साकेत जी-ब्लॉक से पुल प्रह्लादपुर तक एमबी रोड पर 6-लेन एलिवेटेड रोड और अंडरपास बनाने की परियोजना को भी मंजूरी दी है। इस परियोजना की अनुमानित लागत 1471.14 करोड़ रुपये है और इसे दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन द्वारा बनाया जाएगा। यह परियोजना दो हिस्सों में लागू की जाएगी। पहले हिस्से में साकेत जी-ब्लॉक से संगम विहार तक डबल-डेकर इंटीग्रेटेड स्ट्रक्चर बनाया जाएगा, जिसमें 6-लेन एलिवेटेड फ्लाईओवर, साकेत जी-ब्लॉक पर 6-लेन अंडरपास, बीआरटी कॉरिडोर से फ्लाईओवर तक एलिवेटेड रैंप और एमबी रोड को बीआरटी कॉरिडोर से जोड़ने वाला दो लेन अंडरपास बनाया जाएगा। परियोजना के दूसरे हिस्से में मां आनंदमयी मार्ग से पुल प्रह्लादपुर तक लगभग 2.48 किलोमीटर लंबा 6-लेन एलिवेटेड फ्लाईओवर बनाया जाएगा, जो दिल्ली मेट्रो की टनल के ऊपर तैयार किया जाएगा।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा